नक्सलवाद लोकतंत्र के खिलाफ : आडवाणी - Zee News हिंदी

नक्सलवाद लोकतंत्र के खिलाफ : आडवाणी

रायपुर:  भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा है कि नक्सलवाद के पनपने के पीछे सिर्फ सिर्फ सामाजिक या फिर आर्थिक कारण ही नहीं रहे हैं, बल्कि नक्सली लोकतंत्र के खिलाफ हैं और हिंसा के जरिए सत्ता हथियाना चाह रहे हैं।

 

आडवाणी ने रविवार को रायपुर में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि नक्सल समस्या के प्रति केंद्र सरकार की नीति ढुलमुल और अनिश्चित रही है। यह कहना कि नक्सल समस्या केवल सामाजिक आर्थिक कारणों से है जो सही नहीं है।

इस बात को पहचानना होगा कि नक्सली लोकतंत्र के खिलाफ हैं और हिंसा के माध्यम से सत्ता पर काबिज होने की महत्वाकांक्षा रखते हैं।

 

उन्होंने कहा कि इस तथ्य को पहचानना चाहिए कि केंद्र और राज्य सरकारें लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए है। नक्सलियों के साथ अनिश्चित नीति सबसे अधिक घातक हो सकती है।

 

आडवाणी ने कहा कि नक्सलवाद का जन्म पश्चिम बंगाल में हुआ और वहां यह समस्या नहीं है इसके पीछे एक ही कारण है कि इस समस्या को खत्म करने के लिए दृढ़ नीति अपनाई गई है।

 

पूर्व उप प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस समस्या से निपटने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं और नक्सल समस्या से निपटने के लिए राज्य सरकार दृढ़ है। इसी तरह भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों में इस समस्या से निपटने के लिए दृढ़ नीति अपनाई जाएगी।

 

आडवाणी ने कहा कि केंद्र सरकार अनेक घोटालों के कारण लकवाग्रस्त स्थिति में है और इसके चलते वह इन समस्याओं पर सही फैसला नहीं कर पा रही है। भ्रष्ट्राचार के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए आडवाणी ने कहा कि 2जी स्पेक्ट्रम भ्रष्ट्राचार मामले में अदालत ने पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा समेत 17 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिया है तथा राजा समेत तीन लोगों पर ऐसी धाराएं लगाई गई हैं जिससे उन्हें उम्रकैद तक की सजा हो सकती है।

 

उन्होंने कहा कि इस घोटाले के कारण देश को एक लाख 76 हजार करोड़ रूपए का घाटा हुआ है। इस मामले में हमारे मौजूदा गृहमंत्री और पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

 

जनप्रतिनिधियों को वापस बुलाने के सवाल पर आडवाणी ने कहा कि उनका मानना है कि भारत जैसे विशाल देश में यह व्यवहारिक तौर पर संभव नहीं है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, October 23, 2011, 15:48

comments powered by Disqus