Last Updated: Monday, May 27, 2013, 12:42

नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के नेताओं के काफिले पर माओवादियों की ओर से किए गए घातक हमले की घटना की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) आज से शुरू कर देगी। इस हमले में प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नंद कुमार पटेल सहित 27 लोग मारे गए हैं।
केंद्रीय गृह सचिव आरके सिंह ने बताया कि इस हमले की जांच एनआईए को औपचारिक रूप से सौंपे जाने का आधिकारिक आदेश शीघ्र ही जारी किया जाएगा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि हम एनआईए जांच के आदेश जारी करेंगे। एनआईए की टीम छत्तीसगढ़ भी जाएगी। गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कल कहा था कि कांग्रेसी नेताओं पर माओवादी हमले की जांच एनआईए से कराई जाएगी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह इसके लिए राजी हैं।
सशस्त्र माओवादियों ने शनिवार को राज्य के बस्तर जिले में कांग्रेस के नेताओं के काफिले पर हमला किया था। इसमें प्रदेश कांग्रेस प्रमुख, उनके बेटे, कांग्रेस नेता महेन्द्र कर्मा और पूर्व विधायक मुदलियार सहित 27 लोग मारे गए थे। इसके अलावा पूर्व केन्द्रीय मंत्री विद्या चरण शुक्ल के साथ 32 लोग घायल हुए हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, May 27, 2013, 12:42