Last Updated: Sunday, August 18, 2013, 15:31

नई दिल्ली : भाजपा के प्रधानमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार के रूप में देखे जा रहे नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि देश की जनता कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करना चाहती है और पार्टी को इस अवसर का लाभ उठाने के लिए समाज के सभी वर्गो को साथ जोड़ने तथा अपने जनाधार का विस्तार करने में जुट जाना चाहिए।
लोकसभा चुनावों की पार्टी की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए आज यहां हुई भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकरियों, प्रदेश अध्यक्षों और संगठन महामंत्रियों की बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘देश का पूरा माहौल कांग्रेस के खिलाफ बना हुआ है। देश की जनता कांग्रेस पार्टी को सत्ता से बेदखल करना चाहती है। उसे भाजपा ही विकल्प के रूप में नजर आ रही है।’ साथ ही उन्होंने कहा, लेकिन इस अवसर को अपने पक्ष में बदलना एक बड़ी चुनौती है। इसके लिए हर बूथ स्तर पर जनता तक पंहुच बना कर उससे जुड़ना होगा। इस बैठक में लालकृष्ण आडवाणी सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
पार्टी के प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर के अनुसार भाजपा चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष, मोदी ने कहा कि इस चुनौती को स्वीकार करने के लिए ‘पार्टी को अपने जनाधार का विस्तार करना होगा। समाज के सभी वर्गों को साथ लेना और उसे अपने से जोड़ना होगा।’ उनके अनुसार मोदी ने कहा, ‘जनाधार का विस्तार करना ही मुख्य मुद्दा है। विभिन्न वर्गों तक सटीकता से पहुंचें। इसके लिए गहराई से योजनाएं बनाएं।’ (एजेंसी)
First Published: Sunday, August 18, 2013, 15:31