निंदा के बावजूद टीम अन्ना का कड़ा रुख - Zee News हिंदी

निंदा के बावजूद टीम अन्ना का कड़ा रुख

नई दिल्ली : सांसदों पर हमला बोलने के लिए प्रयोग की गई भाषा पर संसद द्वारा निंदा करने के बावजूद सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के पक्ष के स्वर में कोई बदलाव नहीं आया है।

 

हजारे पक्ष ने कहा कि उनकी ओर से उठाए गए मुद्दों पर सवाल अब भी बरकरार हैं और जनता के इस नजरिये की फिर से पुष्टि होती है कि भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सांसद गंभीर नहीं हैं। संसद में प्रस्ताव पारित होने के तुरंत बाद हजारे पक्ष के सदस्य अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोगों के मन में सवाल है और इस ओर अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया।

 

केजरीवाल ने कहा, ‘भविष्य में, क्या फिर से विधेयक फाड़े जाएंगे? भविष्य में, क्या माइक और कुर्सियां फेंकी जाएंगी? सांसदों की खरीद फरोख्त जारी रहेगी? ये ऐसे सवाल हैं जो बने हुए हैं।’ लोकसभा में कल सांसद उनके और राजनीतिक दलों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वाले हजारे पक्ष पर जमकर बरसे थे।

 

एक अन्य महत्वपूर्ण सदस्य किरण बेदी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि साफ और स्वच्छ राजनीति के पक्ष में जनता की नाराजगी को समझने के लिए संसद में बहस का एक अवसर था जो गंवा दिया गया। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, March 27, 2012, 22:28

comments powered by Disqus