Last Updated: Wednesday, August 7, 2013, 14:48
ज़ी मीडिया ब्यूरोजम्मू : सेना प्रमुख जनरल बिक्रम सिंह ने जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास पांच भारतीय जवानों की हत्या के मद्देनजर आज सुरक्षा हालात का जायजा लिया।
विभिन्न बलों के वरिष्ठ कमांडरों के साथ जनरल सिंह नगरोटा स्थित 16, कोर मुख्यालय पहुंचे जहां पर जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल संजीव चाचरा, जीओसी, 16 कोर लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुडा के नेतृत्व में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने उन्हें सुरक्षा हालात से अवगत कराया । उन्हें कल हुए हमले तथा उससे पहले हुए हमलों, गोलीबारी की घटनाओं और संघर्ष विराम के उल्लंघन के बारे में भी जानकारी दी गयी।
नई दिल्ली से सुबह यहां पहुंचने के बाद जनरल सिंह ने जम्मू में टेक्नीकल हवाई अड्डा पहुंच कर तिरंगे में लिपटे ताबूतों में रखे शहीद जवानों के शवों पर पुष्प चक्र अर्पित किए ।
सेना अधिकारियों के मुताबिक सैन्य अभियानों के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विनोद भाटिया पाकिस्तान में अपने समकक्ष मेजर जनरल अश्फाक नदीम से बात करेंगे और जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा के उस पार से किए गए हमले में पांच भारतीय सैनिकों के मारे जाने के मुद्दे को उठाएंगे।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रक्षा मंत्री ए.के एंटनी से बात की। सेना प्रमुख ने सुबह में ही रक्षा मंत्री को घटना के बारे में जानकारी दी थी। पाक हमले में शहीद हुए पांच सैनिकों में से चार जवान 21वीं बिहार रेजीमेंट से जुड़े हैं जबकि उनमें से एक का संबंध मराठा लाइट इन्फैंट्री बटालियन से है।
First Published: Wednesday, August 7, 2013, 08:42