Last Updated: Sunday, October 14, 2012, 20:26

श्रीनगर : केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने आज कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता से नेता बने अरविन्द केजरीवाल निराधार आरोप लगा रहे हैं क्योंकि वह राजनीति में कूद गए हैं। जम्मू कश्मीर की तीन दिवसीय यात्रा के अंत में शिंदे ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘वह एक के बाद एक निराधार आरोप लगा रहे हैं क्योंकि उन्हें राजनीतिक पार्टी बनानी है।’ इसके पहले शिंदे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि मनमोहन सिंह सरकार ने भ्रष्टाचार पर काबू पाने के लिए संसद में पांच विधेयक लाए हैं। शिंदे ने कहा कि विपक्ष विरोध करता रहेगा लेकिन हम काम करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री का पद ठुकरा कर एक मिसाल कायम की थी जबकि कांग्रेस संसदीय दल ने उन्हें अपना नेता चुन लिया था। उन्होंने कहा, ‘उन्होंने (सोनिया) प्रधानमंत्री बनने से इंकार कर दिया और एक अल्पसंख्यक नेता मनमोहन सिंह को उस पद के लिए नामित किया।’ उन्होंने कहा, ‘लोग सरपंच के पद के लिए लड़ते हैं लेकिन उन्होंने इतना बड़ा त्याग किया। अब लोग उन पर आरोप लगा रहे हैं।’
शिंदे ने कहा कि भाजपा और आरएसएस दोनों कांग्रेस से भयभीत हैं क्योंकि संप्रग कार्यकाल के दौरान भारत एक वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में उभर कर सामने आया है। गृह मंत्री ने कहा, ‘मुझे याद है कि 1992 से 1996 तक मैं इस राज्य का प्रभारी था और वरिष्ठ नेता गुलाम रसूल कार और मैं कई स्थानों पर गए जहां हम लोगों पर मोर्टार दागे गए। जनसभाओं में 50 से 70 लोग होते थे।’ सुबह शिंदे ने बडगाम तिले के चरार.ए.शरीफ में कश्मीरी संत शेख नूरूद्दीन नूरानी की दरगाह गए और वहां खिराज-ए- अकीदत पेश की। (एजेंसी)
First Published: Sunday, October 14, 2012, 20:26