पवन कुमार बंसल की छुट्टी, अश्विनी के भी इस्तीफे की खबर| Pawan Basal, Ashwini Kumar

पवन कुमार बंसल की छुट्टी, अश्विनी के भी इस्तीफे की खबर

पवन कुमार बंसल की छुट्टी, अश्विनी के भी इस्तीफे की खबरज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : रेल मंत्री पवन कुमार बंसल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों ने बताया कि कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। रेल मंत्री बंसल प्रधानमंत्री आवास जाकर अपना इस्तीफा सौंपा। बंसल के इस्तीफा सौंपने के कुछ समय बाद अश्वनी कुमार भी प्रधानमंत्री आवास पहुंचे और बिना लाल बत्ती वाली गाड़ी से पीएम आवास से बाहर निकले।

इसके पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी 7 रेस कोर्स स्थित प्रधानमंत्री आवास पहुंचीं और प्रधानमंत्री से मुलाकात की। सूत्रों ने बताया कि सोनिया और मनमोहन ने दोनों केंद्रीय मंत्रियों पर लगे आरोपों के संदर्भ में चर्चा की और राजनीतिक नफा-नुकसान का जायजा लिया।

ज्ञात हो कि बंसल और अश्विनी को मंत्रिमंडल से हटाने के लिए सरकार पर लगातार दबाव बढ़ता जा रहा था। चर्चा यह भी थी कि बंसल से रेल मंत्रालय छीना जा सकता है जबकि अश्विनी कुमार का तबादला दूसरे विभाग में किया जा सकता है।

बंसल ने गुरुवार शाम केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में हिस्सा नहीं लिया जिससे यह संकेत मिले कि उन्हें बाहर किया जा सकता है।

रेल मंत्री के भांजे विजय सिंगला को रेलवे बोर्ड में एक सदस्य को पदोन्नत करने की कथित रूप से कोशिश करने के लिए गिरफ्तार किया गया है।

सीबीआई ने 10 करोड़ रुपए के कथित रिश्वत कांड के संबंध में 1997 बैच के पंजाब कैडर के आईएएस अधिकारी और बंसल के निजी सचिव राहुल भंडारी से पूछताछ की। बंसल ने उनके द्वारा कुछ गलत करने से इंकार करते हुए दावा किया कि उनके सिंगला से कोई कारोबारी रिश्ते नहीं हैं।

बंसल अपने लिए समर्थन जुटाने में लगे हैं और चार रेलवे श्रम संगठनों ने उन्हें ऐसा अच्छा प्रशासक बताया है जो रेलवे की वित्तीय स्थिति को बेहतरीन करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस घटनाक्रम के बीच, केन्द्रीय मंत्रिमंडल में जल्द ही फेरबदल होने की चर्चा है जबकि कुमार को कोई अन्य जिम्मेदारी दी जा सकती है। कोयला ब्लाक आवंटन घोटाले पर सीबीआई रिपोर्ट देखने को लेकर कुमार आलोचनाओं के शिकार हैं।

First Published: Friday, May 10, 2013, 21:57

comments powered by Disqus