पाकिस्तानी गोलीबारी में एक जवान शहीद

पाकिस्तानी गोलीबारी में एक जवान शहीद

जम्मू: जम्मू की एक सीमाचौकी पर गुरुवार रात पाकिस्तान रेंजर्स द्वारा अकारण की गई जबरदस्त गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ)का एक जवान शहीद हो गया। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। गोलीबारी शुक्रवार सुबह तक जारी थी। पाकिस्तानी रेंजर्स ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू से 35 किलोमीटर दूर पश्चिम में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर अब्दुलियन चौकी पर गोलीबारी की। उन्होंने मोर्टार भी दागे, जिससे एक जवान शहीद हो गया। उसकी शिनाख्त असम के चंदर राय के रूप में की गई है।

भारत व पाकिस्तान के बीच नवंबर 2003 में संघर्षविराम की घोषणा के बाद से यह घटना पाकिस्तानी रेंजर्स द्वारा की गई भारी गोलीबारी की घटनाओं में से एक है। उन्होंने बताया, "पाकिस्तान की बंदूकों को खामोश कराने के लिए बीएसएफ ने भी जवाबी कार्रवाई की लेकिन पाकिस्तानी रेंजर्स ने समीप के अन्य क्षेत्रों से भी गोलीबारी शुरू कर दी।

समीप की अन्य सीमा चौकियों घराना, मंगराल व संगराल पर भी गोलीबारी हुई, जो मध्य रात्रि तक जारी रही और शुक्रवार सुबह फिर से शुरू हो गई। गोलीबारी के बाद से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत है। उनमें भरोसा बनाए रखने के लिए नागरिक प्रशासन ने अधिकारियों को मौके पर भेजा है।

बीते 12 दिनों में पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम उल्लंघन की यह नौंवीं घटना है। वर्ष 2006 से अब तक पाकिस्तान की ओर से 250 से ज्यादा बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया जा चुका है। इसमें कई भारतीय सुरक्षाकर्मी शहीद हो चुके हैं और करीब 65 घायल हुए। भारत व पाकिस्तान के बीच नवंबर 2003 में संघर्षविराम पर सहमति बनी थी। (एजेंसी)

First Published: Friday, August 17, 2012, 11:58

comments powered by Disqus