पाकिस्तान एक ‘फर्जी’ मुल्क है: काटजू

पाकिस्तान एक ‘फर्जी’ मुल्क है: काटजू

नई दिल्ली : भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष न्यायमूर्ति मार्कन्डेय काटजू ने मंगलवार को यहां कहा कि पाकिस्तान एक ‘फर्जी’ मुल्क है। इसका गठन ‘फर्जी द्विराष्ट्र सिद्धांत’ चलाने वाले ब्रितानी शासकों ने किया था। उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि अगले 15-20 सालों में भारत और पाकिस्तान फिर एकजुट हो जाएंगे तथा मजबूत, सशक्त, धर्मनिरपेक्ष और आधुनिक सोच वाली सरकार सत्ता में आएगी।

उन्होंने जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा एक भारतीय सैनिक का सिर काटे जाने के बाद मीडिया द्वारा युद्धोन्माद पैदा करने के प्रयासों की भर्त्सना की। काटजू ने कहा कि सबसे पहले तो मैं आप से कहना चाहता हूं कि पाकिस्तान कोई देश नहीं है। यह एक फर्जी मुल्क है। इसे ब्रिटिश लोगों ने कृत्रिम रूप से बनाया था। उन्होंने फर्जी द्विराष्ट्र सिद्धांत शुरू कर बांटों एवं राज करो की नीति अपनाई थी। इस सिद्धांत के अनुसार हिन्दुओं और मुस्लिमों के दो देश होने चाहिए।

उन्होंने यहां दिल्ली विश्वविद्यालय में एक संगोष्ठी में कहा कि और हम बेवकूफ हैं। ब्रिटेन के लोग हमें भरमाते रहे। यही कृत्रिम सत्ता (मुल्क) पाकिस्तान बनाया गया। पाकिस्तान क्या है। यह पंजाब एवं सिंध है जो दरअसल भारत का हिस्सा है।

काटजू ने कहा कि दोनों देशों के बीच युद्ध की बात करना राष्ट्र विरोधी है। हमारी अर्थव्यवस्था, जो पहले से ही खराब स्थिति में है, तबाह हो जाएगी। आपको यह समझना चाहिए कि युद्ध काफी महंगा साबित होता है और हम बेहद गरीब देश है। हमने तीन युद्ध लड़ें हैं। क्या युद्धों के कारण जीवन स्तर बढ़ गया। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, February 6, 2013, 00:06

comments powered by Disqus