पाकिस्तान ने जुलाई में 5वीं बार किया युद्धविराम का उल्लंघन, LoC के पास भारी गोलीबारी

पाकिस्तान ने जुलाई में 5वीं बार किया युद्धविराम का उल्लंघन, LoC के पास भारी गोलीबारी

पाकिस्तान ने जुलाई में 5वीं बार किया युद्धविराम का उल्लंघन, LoC के पास भारी गोलीबारीजम्मू : पाकिस्तानी सेना ने युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से सटी भारतीय चौकियों को निशाना बनाया।

पाकिस्तानी सेना ने शनिवार सुबह भारतीय चौकियों पर आरपीजी और भारी मशीन गनों से हमला किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पांच घंटों तक भारी गोलीबारी होती रही।

सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से सटे डोडा बटालियन मोर्चे को पाकिस्तानी सेना ने आज सुबह 7. 30 बजे राकेट प्रक्षेपित ग्रेनेड (आरपीजी) और भारी मशीन गनों से निशाना बनाया।

अधिकारी ने बताया कि भारतीय सैनिकों ने भी प्रभावी ढंग से जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पांच घंटों तक गोलीबारी चलती रही। सैन्य अधिकारी ने बताया कि इस गोलीबारी में किसी के भी मरने या घायल होने की खबर नहीं है। सीमा रेखा के पास हुई भारी गोलीबारी के मद्देनजर सेना के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी हालात पर अपनी नजर बनाए हुए हैं और अग्रिम चौकियों पर तैनात सैनिकों से चौबीसों घंटे कड़ी सतर्कता बरतने को कहा गया है।

पांच घंटों तक चली इस गोलीबारी के बाद से पुंछ में सीमाई क्षेत्र शाहुपर कर्णी सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों में दहशत का माहौल है।

गौरतलब है कि इस वर्ष जुलाई महीने में पाकिस्तानी सेना की ओर से किया गया यह पांचवां युद्धविराम उल्लंघन है। इससे पहले तीन जुलाई को पाकिस्तान ने पुंछ के सब्जियां क्षेत्र में नियंत्रण रेखा के निकट पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाई थी। ये पुलिसकर्मी एक जुलाई को आईईडी धमाके में मारे गए एक पाकिस्तानी घुसपैठिए का शव लेने के लिए वहां गए थे।

पुंछ में आठ जुलाई को नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर युद्धविराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा किए गए आईईडी हमले में घायल हुए कुलियों को निकालने की कोशिश कर रहे भारतीय सैनिकों पर उसने गोलीबारी की।

जम्मू कश्मीर के जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) से सटे पिंडी क्षेत्र में भारतीय सीमा चौकी पर पाकिस्तानी रेंजर्स ने 12 जुलाई को भी गोलियां चलाई थी।

इसके बाद 22 जुलाई की रात पूंछ जिले में नियंत्रण रेखा से सटी भारतीय चौकी पर भी पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी की थी। (एजेंसी)

First Published: Saturday, July 27, 2013, 15:09

comments powered by Disqus