पाक ने फिर किया युद्ध विराम का उल्लंघन

पाक ने फिर किया युद्ध विराम का उल्लंघन

जम्मू : जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सैनिकों ने युद्ध विराम का उल्लंघन करते हुए गोलियां चलायीं और अनेक भारतीय चौकियों को निशाना बनाया।

सेना के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘पुंछ जिले के कृष्णागति सब-सेक्टर के करीब भारत-पाक सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों ने कल रात अनेक भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की।’ उन्होंने कहा, ‘इसके अलावा उन्होंने युद्ध विराम का भी उल्लंघन किया।’ उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने कल रात सवा दस से साढ़े दस के बीच नियंत्रण रेखा के पास स्थित दाकू, शिव, बत्तल चौकियों से भारत की कृपाण, क्रांति और क्रांति-1 चौकियों पर गोलियां चलायीं।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद करीब 1205 बजे से 1240 बजे तक दोबारा गोलीबारी की गयी। सीमा सुरक्षा पर तैनात भारतीय सैनिकों ने भी इसके जवाब में गोलियां चलायीं। उन्होंने बताया कि इस गोलीबारी में किसी जानमाल की हानि नहीं हुई है। पिछले चार दिनों में पाकिस्तान द्वारा यह चौथा युद्ध विराम उल्लंघन है।

इससे पहले पाकिस्तानी सुरक्षा सैनिकों ने 6 अगस्त की रात को भारत के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे हीरानगर सेक्टर स्थित पंसार के बाह्य कैंपों को निशाना बनाया था। इसमें बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया था। (एजेंसी)

First Published: Thursday, August 9, 2012, 17:45

comments powered by Disqus