पाक पर सतत निगाह रखेगा भारत: एंटनी

पाक पर सतत निगाह रखेगा भारत: एंटनी

नई दिल्ली : रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने गुरुवार को कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में जवानों की क्रूर तरीके से की गई हत्या को देखते हुए पाकिस्तान के साथ रिश्ते सामान्य करने पर भारत कोई जल्दबाजी नहीं करेगा। एक समारोह से इतर संवाददाताओं के साथ बातचीत के दौरान रक्षा मंत्री ने कहा कि (हमलोग) हर किसी को परामर्श दे रहे हैं कि सामान्य स्थिति बहाल करने के बारे में जल्दबाजी नहीं मचाएं। इंतजार कीजिए और निगाह रखिए, यही हमारा रुख है।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) की बैठक के बाद जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर तनाव में कमी आई है। उन्होंने कहा कि लेकिन हम अपनी ओर से सतर्कता में कमी नहीं ला सकते। हमें 24 घंटे अहर्निश सतर्क रहना होगा।

भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ 16 जनवरी को नियंत्रण रेखा पर तनाव कम करने पर सहमत हुए थे। एंटनी ने कहा कि सेना किसी भी प्रकार की परिस्थिति से निपटने के लिए सभी प्रकार की सतर्कता बरत रही है और सरकार सामान्य स्थिति को लेकर हड़बड़ी में नहीं है।

ज्ञात हो कि 8 जनवरी को धुंध का लाभ उठाते हुए पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा पर रखवाली गश्त के दौरान दो भारतीय सैनिकों की हत्या कर दी और उनके शव क्षत विक्षत कर दिए। एक जवान का सिर काट कर हमलावर अपने साथ ले गए। इस घटना के बाद नियंत्रण रेखा पर तनाव पैदा होने के कारण भारत ने पाकिस्तान के वरिष्ठ नागरिकों को आसान वीजा मुहैया कराने वाले कदम से पांव पीछे खींच लिया। विदेश मंत्रालय ने दो पाकिस्तानी राजनयिकों को जयपुर साहित्य महोत्सव में भाग लेने की अनुमति नहीं दी। (एजेंसी)

First Published: Thursday, January 31, 2013, 19:23

comments powered by Disqus