पाक सैनिकों ने फिर किया सीजफायर का उल्लंघन

पाक सैनिकों ने फिर किया सीजफायर का उल्लंघन

पाक सैनिकों ने फिर किया सीजफायर का उल्लंघनजम्मू : पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर रविवार से दूसरी बार संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन करते हुए भारतीय सीमा में गोलीबारी की। यह जानकारी सेना के प्रवक्ता ने सोमवार को दी।

सेना के प्रवक्ता कर्नल आरके कालिया ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के मंडी और गरही इलाके की हमारी सीमा में रविवार रात गोलीबारी की। उनके मुताबिक, दोनों तरफ से गोलीबारी सोमवार तड़के तक चलती रही।

उन्होंने बताया कि पाकिस्तान ने स्वचालित छोटे हथियारों, मोर्टार का इस्तेमाल करते हुए रविवार रात 11.30 बजे हमारी सीमा में गोलीबारी की। हमारे सैनिकों ने समान क्षमता वाले हथियारों से जवाब दिया। दोनों तरफ से गोलीबारी सोमवार तड़के 3.45 तक चलती रही। यह पुंछ जिले में रविवार से संघर्ष विराम के उल्लंघन की दूसरी घटना है।

दोनों देशों के बीच नवंबर 2003 में संघर्ष विराम समझौता हुआ था, जिसने भारत-पाक सीमा के दोनों तरफ हजारों लोगों के जनजीवन को सामान्य बना दिया था। भारत, पाकिस्तान द्वारा इस साल की शुरुआत से ही संघर्ष विराम के लगातार उल्लंघन की बात कहता रहा है।

इधर, विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के विदेशी और राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के सलाहकार सरताज अजीज से किर्गिस्तान के बिश्केक में शुक्रवार को मुलाकात की थी और दोनों नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम समझौते को सम्मान दिए जाने पर सहमत हुए थे। इस बैठक के महज दो दिन बाद ही पाकिस्तान की तरफ से संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। (एजेंसी)

First Published: Monday, September 16, 2013, 10:39

comments powered by Disqus