Last Updated: Tuesday, August 14, 2012, 15:19
पटना: उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि गांधीवादी अन्ना हजारे की टीम द्वारा पार्टी बनाना एक राजनीतिक भूल होगी।
मोदी ने संवाददाताओं से कहा, ‘लोकतंत्र में राजनीतिक दल बनाने का अधिकार सभी को है, लेकिन राजनीतिक विकल्प देना अलग बात है। राजनीतिक दल का गठन करना और उसे चलाना और उम्मीदवारों को जिताना दूसरी बात है। टीम अन्ना को भी राजनीतिक पार्टी बनाने का अधिकार है, लेकिन यह कदम उनकी एक राजनीतिक भूल होगी।’
उन्होंने कहा, ‘जेपी आंदोलन में शामिल होने के कारण अपने अनुभव के आधार पर मैं कह सकता हूं कि सामाजिक संगठनों द्वारा राजनीतिक पार्टी खडी करना अलग बात है।’
मोदी ने कहा कि टीम अन्ना द्वारा पार्टी बनाने से राजग या भाजपा कोई खतरा महसूस नहीं कर रहा है। अन्ना हजारे और बाबा रामदेव का भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जनभावना के साथ है। कांग्रेस को इसका खामियाजा भुगतना होगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘केंद्र सरकार ने अन्ना हजारे के आंदोलन को तवज्जो नहीं दी तो इसके लिए निराश होने की दरकार नहीं है। देश की जनता उनके साथ है। लोकसभा चुनावों में इसका असर देखने को मिलेगा।’
मोदी ने कहा कि कांग्रेस कभी भ्रष्टाचार से सख्ती से नहीं निपट सकती है। कांग्रेस शासित राज्यों में भी भ्रष्टाचार चरम पर है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, August 14, 2012, 15:19