पुंछ में LoC पर भारी गोलीबारी, फ्लैग मीटिंग पर पाक चुप

पुंछ में LoC पर भारी गोलीबारी, फ्लैग मीटिंग पर पाक चुप

पुंछ में LoC पर भारी गोलीबारी, फ्लैग मीटिंग पर पाक चुप जम्मू/नई दिल्ली : पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास शनिवार देर रात संदिग्ध घुसपैठियों के एक समूह की गतिविधियों को भांपने के बाद भारत और पाकिस्तान के सैनिकों के बीच भारी गोलीबारी हुई जिसके बाद नए सिरे से सीमा पर तनाव बढ़ गया है। दूसरी तरफ भारत-पाक सीमा पर दो भारतीय जवानों की नृशंस हत्या के मामले में भारतीय सेना द्वारा बुलाई गई फ्लैग मीटिंग पर पाकिस्तान ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

सेना के सूत्रों ने आज बताया कि भारत द्वारा ब्रिगेडियर स्तर की फ्लैग मीटिंग बुलाये जाने के दो दिनों बाद भी पाकिस्तानी सेना ने जवाब नहीं दिया है। सूत्रों ने बताया कि उम्मीद है कि घटनास्थल के सबसे करीब बलनोई में फ्लैग मीटिंग आयोजित हो सकती है।

रक्षा प्रवक्ता कर्नल आर.के. पालटा ने कहा कि शनिवार रात पौने दस बजे के आसपास पुंछ सेक्टर के कृष्णा घाटी सब सेक्टर के दूसरी तरफ नियंत्रण रेखा के नजदीक 6 से 7 लोगों की गतिविधि देखी गयी। भारतीय सीमा में किसी के हताहत होने की तत्काल कोई खबर नहीं है। प्रवक्ता के अनुसार भारतीय जवानों ने संदिग्ध घुसपैठियों पर गोली चलाईं जिसके बाद दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई।

कर्नल पालटा ने कहा कि करीब आधे घंटे तक गोलीबारी के बाद संदिग्ध घुसपैठिये मौके से गायब हो गए। दोनों ओर से गोलीबारी में कमी आई है लेकिन यह जारी है। संदेह व्यक्त किया जा रहा है कि उग्रवादियों के किसी समूह ने या बार्डन एक्शन टीम ने गतिविधि की होगी। इससे पहले गुरुवार को पाकिस्तानी सैनिकों ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। दो भारतीय जवानों की बर्बर हत्या के बाद पुंछ सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा संघर्ष विराम की यह तीसरी घटना थी। (एजेंसी)

First Published: Sunday, January 13, 2013, 00:05

comments powered by Disqus