Last Updated: Wednesday, July 31, 2013, 20:49
ज़ी मीडिया ब्यूरोमुंबई : पृथक तेलंगाना के अलग राज्य बनने का रास्ता साफ होने के बाद मशहूर लेखिका और सोशलाइट शोभा डे ने मुंबई को अलग राज्य बनाने की मांग उठा दी है। शोभा डे ने कहा है कि तेलंगाना की तरह मुंबई भी अलग राज्य बन सकता है।
शोभा डे ने टि्वट किया कि महाराष्ट्र और मुंबई? क्यों नहीं? मुंबई ने हमेशा अपनी आजादी चाही है। इस टि्वट से मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे भड़क गए। उन्होंने शोभा डे पर व्यक्तिगत हमला बोलते हुए कहा कि अलग राज्य का गठन तलाक लेने जैसा आसान नहीं है। शोभा डे को इस बात को समझना चाहिए।
जब शोभा डे से राज ठाकरे की प्रतिक्रिया के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, `मैंने तेलंगाना पर व्यंग्य करते हुए टि्वट किया था। इसे ज्यों का त्यों ले लिया गया। मैं मुंबई राज्य की वकालत नहीं कर रही। मैं तो सिर्फ यह दिखाना चाहती थी कि चुनाव आते ही पार्टियां किस तरह की हरकतें करने लगती हैं। राज ठाकरे को भड़काऊ बयानों के लिए ही जाना जाता है। वह एक कार्टूनिस्ट भी हैं। मैं उनकी टिप्पणी को उतनी ही गंभीरता से लेती हूं जितना उनके कार्टून को। राज ठाकरे को व्यंग्य की औरों से बेहतर समझ होनी चाहिए।`
उधर, भाजपा ने कहा कि डे को यह नहीं भूलना चाहिए कि मुंबई को महाराष्ट्र में शामिल कराने के लिए 105 लोगों ने बलिदान दिया था। भाजपा नेता विनोद तवाडे ने कहा कि वह शोभा डे से उनके टि्वट पर फिर से विचार करने की अपील करेंगे। मुझे लगता है कि उन्हें अपना बयान वापस लेना चाहिए। वहीं एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा कि मुंबई महाराष्ट्र की राजधानी है। किसी को मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने के बारे में बोलने का अधिकार नहीं है। पार्टी शोभा डे के बयान की निंदा करती है।
First Published: Wednesday, July 31, 2013, 20:37