Last Updated: Thursday, February 2, 2012, 10:19
नई दिल्ली: पुलिस ने गंभीर रूप से घायल दो साल की बच्ची को लेकर इलाज के लिए एम्स लाने वाली किशोरी पर कथित रूप से वेश्यावृत्ति के लिए दबाव डालने वाली एक अन्य महिला को गिरफ्तार किया है। उधर, इस मामले में गिरफ्तार सभी लोगों को आज दिल्ली की एक कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन सभी को तीन दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि अब इस मामले में गिरफ्तार कुल व्यक्तियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। गिरफ्तार होने वाले व्यक्तियों में शामिल किशोरी के पिता जितेन्द्र गुप्ता पर लापरवाही का आरोप है। गौर हो कि दिल्ली पुलिस ने बुधवार को तीन लोगों को इस केस में गिरफ्तार किया था, जिसमें बच्ची फलक को लाने वाली लड़की का पिता जितेंद्र भी शामिल था।
पुलिस विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘इस मामले में हमने आरती नाम की एक अन्य महिला को गिरफ्तार किया है। उसके उपर जबरन वेश्यावृत्ति कराने का आरोप है। वह पूजा से जुड़ी हुयी है। पूजा और उसके पति संदीप पांडेय को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ’ पांडेय और उसकी पत्नी पूजा को कल किशोरी के पिता के साथ गिरफ्तार किया गया।
15 वर्षीय किशोरी उस समय से चर्चा में आई, जब उसने पिटाई से घायल फलक नामक बच्ची को एम्स में भर्ती कराया। उसने स्वयं को उस बच्ची की मां बताया था।
इस किशोरी ने अपने पिता पर शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। प्रताड़ना के कारण वह घर से भागकर राजकुमार से मिली थी जिसने उसे दो माह पहले लड़की को उसके हवाले कर दिया था।अधिकारियों ने बताया कि कई पुरुषों ने उस लड़की का यौन शोषण किया था।
उन्होंने बताया कि पूजा उसे उत्तर प्रदेश के एटा ले गयी, जहां उस पर जबरन एक बुढ्ढे के साथ शादी करने के लिए दबाव बनाया गया। आरती एटा के मामले से जुड़ी हुयी थी। जब उसने बूढ़े व्यक्ति के साथ शादी करने से मना कर दिया, जब पांडेय ने उसके साथ बलात्कार किया। अधिकारी ने कहा कि इसके बाद उस लड़की को फिर से दिल्ली लाया गया और तुगलकाबाद के घर में रख दिया गया। इसके बाद संदीप ने भी उसका यौन शोषण किया गया।
इस मामले की जांच कर रही बाल कल्याण समिति के निर्देश पर यह गिरफ्तारियां की गयी हैं। इसके अलावा उसके पिता पर निर्दयता और प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया। इस मामले में शामिल अन्य चार व्यक्तियों के खिलाफ अलग से भी मामला दर्ज किया गया है।
(एजेंसी)
First Published: Thursday, February 2, 2012, 23:39