फिर से घेरेंगे प्रधानमंत्री और सोनिया का घर : अरविंद केजरीवाल

फिर से घेरेंगे प्रधानमंत्री और सोनिया का घर : अरविंद केजरीवाल

फिर से घेरेंगे प्रधानमंत्री और सोनिया का घर : अरविंद केजरीवालज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली : इंडिया अगेंस्ट करप्शन के सदस्य अरविंद केजरीवाल का कहना है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के घर का फिर से घेराव होगा। करीब एक बजे दोनों के घरों का घेराव किया जाएगा।

केजरीवाल के ऐलान के चलते पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। केजरीवाल और उनके सहयोगी भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के घर का भी घेराव करने की योजना बना रहे हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के घर का घेराव करने पहुंचे इंडिया अगेंस्ट करप्शन के सदस्य अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, कुमार विश्वास और संजय सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। करीब आधा घंटे हिरासत में रखने के बाद सभी को रिहा कर दिया गया।

कुमार विश्वास व मनीष सिसोदिया को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और अरविंद केजरीवाल व संजय सिंह को प्रधानमंत्री आवास के बाहर से हिरासत में लिया गया। पहले दिल्ली पुलिस की योजना इन्हें बवाना में बनाए गए अस्थाई जेल में ले जाने की थी, लेकिन समर्थकों का सैलाब की उग्रता देख सबको रिहा कर दिया गया। केजरीवाल समेत अन्ना के सभी समर्थक जंतर मंतर पहुंचे हैं।

इंडिया अगेंस्ट करप्शन के कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में मंदिर मार्ग थाने में हंगामा खड़ा कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसौदिया और बाकी सदस्यों को बवाना ले जाने के लिए जिप्सी में बैठाया, लेकिन समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। फिर पुलिस ने केजरीवाल और सिसौदिया को गाड़ी से उतार दिया। बाद में पुलिस ने केजरीवाल और सिसौदिया को रिहा करने की घोषणा कर दी। उसके बाद अरविंद केजरीवाल जंतर मंतर पहुंचे हैं।

रिहाई के बाद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मनीष सिसोदिया के साथ बदसलूकी की। सिसोदिया की पिटाई भी की गई। फिलहाल आंदोलन के सभी नेता व समर्थक जंतर मंतर पर आगे की रणनीति बना रहे हैं। मालूम हो कि कोल ब्लॉक आवंटन की जांच के लिए टीम गठित न करने पर केजरीवाल ने हाल ही में जनहित याचिका दायर करने एवं सरकार का भंडाफोड़ करने के लिए जनमत संग्रह कराने की धमकी दी थी।

First Published: Sunday, August 26, 2012, 08:33

comments powered by Disqus