बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई सर्दी की चुभन - Zee News हिंदी

बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई सर्दी की चुभन

नई दिल्ली: राजधानी में गुरुवार को बर्फीली हवाएं चलने से सर्दी की चुभन और बढ़ गई हालांकि रात के तापमान में मामूली सुधार देखा गया।

 

न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तो दो डिग्री कम है, लेकिन कल के 4.6 डिग्री सेल्सियस तापमान से कुछ बेहतर है। बुधवार का अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

हालांकि रात का तापमान कुछ बढ़ा जरूर लेकिन बर्फीली हवाओं ने शहर में जाड़े की रंगत को और गहरा कर दिया। सुबह के समय धुंध की झीनी चादर ने दिल्ली वालों का स्वागत किया। मौसम विभाग की मानें तो अगले एक दो दिन अभी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है और तापमान पांच से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

 

पिछले शुक्रवार को इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा, जब अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले महीने 25 दिसंबर को क्रिसमस की सुबह बर्फीली रही, जब न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। यह इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा।

 

2010 को छोड़ दिया जाए तो पिछले 11 वर्ष में जनवरी के महीने में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम रहा है। पिछले 11 वर्ष के सबसे कम तापमान की बात करें तो 2006 में आठ जनवरी को तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था।

 

अब तक के रिकार्ड के हिसाब से 16 जनवरी 1935 का दिन सबसे ठंडा रहा, जब न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम हो गया, जबकि अधिकतम तापमान का रिकार्ड 28 जनवरी 2004 का है, जब पारा 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। (एजेंसी)

First Published: Thursday, January 12, 2012, 11:09

comments powered by Disqus