बलात्कार जैसी घटनाएं शर्मनाक : सुषमा

बलात्कार जैसी घटनाओं से नीचा होता है सिर: सुषमा

बलात्कार जैसी घटनाओं से नीचा होता है सिर: सुषमारायपुर : भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता तथा लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने कहा है कि देश की महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देकर विश्व में अपनी पहचान बनाई है। वहीं दूसरी ओर बलात्कार जैसी घटनाओं के कारण सिर शर्म से झुक जाता है।

स्वराज ने यहां अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के सिलेसिले में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जब वह भारत के संदर्भ में महिलाओं की स्थिति पर दृष्टि डालती हैं तब दो तरह के चित्र उभरते हैं। एक चित्र मन को संतोष देता है तथा गौरवान्वित महसूस कराता है वहीं दूसरा चित्र सर को शर्म से झुका देता है।

उन्होंने कहा कि विश्व में यूरोपिय देशों में महिलाओं को मताधिकार से वंचित रखा गया था और वहां की महिलाओं को मताधिकार के लिए लड़ना पड़ा था। लेकिन भारत में संविधान ने महिलाओं को समान अधिकार दिया। देश में सभी महिला और पुरुष को बराबरी का दर्जा मिला है।

स्वराज ने कहा कि भारत एक ऐसा देश है जहां महिलाओं ने युध्द किया। शासन किया। यहां महिला राष्ट्रपति बनीं। यहां महिला प्रधानमंत्री बनीं। मुख्यमंत्री बनीं और विपक्ष की नेता भी बनीं। लेकिन अमेरिका जैसे विकसित देश में महिला सर्वोच्च पद तक नहीं पहुंच सकीं हैं।

विपक्ष की नेता ने कहा कि यहां इस देश में कुछ घटनाएं ऐसी हैं जिसकी वजह से सिर शर्म झुक जाता है। यहां दो साल की बच्ची के साथ और 70 वर्ष की बुजुर्ग महिला के साथ बलात्कार की घटना होती है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ को महिलाओं के लिए सुरक्षित बताते हुए कहा कि यहां अपवाद स्वरूप ऐसी घटना हुई है जिसकी कड़ाई से जांच चल रही है।

स्वराज ने कहा कि राज्य में सार्वजनिक वितरण प्रणाली इसलिए सफल है क्योंकि यहां इसे महिलाएं चला रही हैं। यहां महिलाएं असंभव कार्यों को संभव कर रही हैं। राज्य में सरकार ने महिलाओं पर भरोसा जताया है और महिलाएं जो भी कार्य हाथ में ले रही है वह सफल है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, March 9, 2013, 20:48

comments powered by Disqus