बेंगलुरु से किया 30 हजार से अधिक लोगों ने पलायन

बेंगलुरु से किया 30 हजार से अधिक लोगों ने पलायन

बेंगलुरु से किया 30 हजार से अधिक लोगों ने पलायनज़ी न्यूज ब्यूरो
बेंगलुरु : पूर्वोत्तर के लोगों पर बेंगलुरु में शुक्रवार को हमले और हैदराबाद में धमकी के बाद लोगों का पलायन और बढ़ गया है। देश भर में अलग-अलग जगहों पर रह रहे पूर्वोत्तर के हजारों लोग पुणे, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद और गोवा जैसी जगहों से अपने राज्य को लौट रहे हैं। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के अलावा मैसूर, मंगलोर और कोडागू से भी पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों का पलायन शुरू हो चुका है। पिछले तीन दिनों में सिर्फ बेंगलुरु से पूर्वोत्तर राज्यों के लगभग 30 हजार लोग पलायन कर चुके हैं। इस बीच अफवाह फैलाने के आरोप में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और चार अन्य की पहचान की गई है।

असम सहित पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों के कर्नाटक से पलायन को रोकने के लिए शुक्रवार को असम के दो मंत्री कर्नाटक पहुंचे और गृहमंत्री आर. अशोक तथा पुलिस महानिदेशक से मिले। असम के मंत्री रेलवे स्टेशन पर भी गए और उन्होंने पूर्वोत्तर के लोगों से कर्नाटक न छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे कर्नाटक पुलिस की तैयारियों से आश्वस्त हैं और पूर्वोत्तर के लोगों को कर्नाटक में कोई खतरा नहीं है।

कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार को राजधानी बेंगलुर में पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों में असुरक्षा की भावना को दूर कर उन्हें पलायन से रोकने के लिए शहर के विभिन्न भागों में रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की छह कंपनियां (लगभग 750 सुरक्षाकर्मी) तैनात करने का फैसला किया। उधर, तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से भी पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों का पलायन शुरू हो चुका है। हालांकि बेंगलुरु की अपेक्षा में यह संख्या काफी कम है।

First Published: Saturday, August 18, 2012, 11:43

comments powered by Disqus