भाजपा-अन्ना फिर दिग्गी के निशाने पर - Zee News हिंदी

भाजपा-अन्ना फिर दिग्गी के निशाने पर

नई दिल्ली : लोकपाल को संवैधानिक दर्जा देने से संबंधित विधेयक के लोकसभा में नहीं पारित होने पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने आज भाजपा और अन्ना पक्ष पर निशाना साधा तथा सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे से पूछा कि क्या उनके सहयोगी भाजपा से राज्यसभा में इसका विरोध नहीं करने की मांग को लेकर लाल कृष्ण आडवाणी के निवास के बाहर धरना देंगे।

 

सिंह ने ट्विटर पर लिखा है, ‘भाजपा ने लोकपाल और राज्यों के लोकायुक्तों को शक्ति प्रदान करने वाले संविधान संशोधन का विरोध किया है जबकि 95 फीसदी भ्रष्टाचार राज्यों में होता है। अन्ना पक्ष की ओर से भाजपा के विरूद्ध कोई प्रतिक्रिया नहीं है। अब भाजपा राज्यसभा में लोकपाल विधेयक को गिराने का फिर कोशिश करेगी। हम इस पर अन्ना पक्ष की प्रतिक्रिया देखना चाहेंगे।’

 

उन्होंने अनुमान लगाया कि विधेयक पराजित करने के बाद भी भाजपा-संघ के खिलाफ अन्ना एक शब्द भी नहीं बोलेंगे। उन्होंने कहा कि अन्ना पक्ष अब भी कांग्रेस, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को निशाना बनाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका सीधा सा कारण है कि अन्ना पक्ष भाजपा-संघ का मुखौटा है।

 

सिंह ने पूछा, ‘क्या अन्ना भाजपा पर दबाव डालेंगे और आडवाणीजी के निवास के बाहर धरना देंगे एवं उनसे राज्यसभा में लोकपाल विधेयक का विरोध नहीं करने के लिए कहेंगे।’ लोकपाल विधेयक पारित होने पर मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी को बधाई देते हुए उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता से कहा,‘भगवान के लिए, कृपया आप अपना उपवास तोड़ दें और मुझे गलत साबित करें।’

 

अन्ना पक्ष का जबर्दस्त प्रभाव होने की बात की आलोचना करते हुए कहा है कि मीडिया ने दावा किया है कि अन्ना को 120 करोड़ लोगों का समर्थन प्राप्त है। लेकिन वे कहां हैं। क्या मीडिया अन्ना पक्ष में लोगों की बहुत कम उपस्थिति को ध्यान में रखकर अपने अनुमान को सही करेगी। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, December 28, 2011, 11:55

comments powered by Disqus