भाजपा का असली चेहरा उजागर: सोनिया - Zee News हिंदी

भाजपा का असली चेहरा उजागर: सोनिया

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली : संयुक्त संसदीय दल की बैठक में यूपीए की नेता और कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि भाजपा ने लोकपाल विधेयक को संवैधानिक दर्जा देने पर सहमति जताई लेकिन वो पलट गए। इससे भाजपा का असली चेहरा अब सामने आ गया है।

 

कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी ने लोकपाल को संवैधानिक दर्जा दिए जाने को लेकर संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में गिरने के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि मुख्य विपक्षी पार्टी का ‘वास्तविक चेहरा’ सामने आ गया है।
सोनिया ने कहा कि भाजपा ने संसद की स्थायी समिति में विचार-विमर्श के दौरान लोकपाल को संवैधानिक दर्जा दिये जाने को लेकर प्रतिबद्धता जतायी थी।

 

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘लेकिन कल हमने उनका वास्तविक चेहरा देखा। लोकपाल को हम जो शक्ति देना चाहते थे, उन्होंने वैसा नहीं किया और उसके खिलाफ वोट दिया।’ जब उनसे यह पूछा गया कि राज्यसभा में पर्याप्त संख्या नहीं होने के कारण सरकार विधेयक को उच्च सदन में कैसे पारित करवाएगी, उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया। संवाददाताओं के जोर दिये जाने पर उन्होंने कहा, ‘आप सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं।’

 

सरकार को कल उस समय झटका लगा जब लोकपाल और लोकायुक्त को संवैधानिक दर्जा दिये जाने वाला संविधान संशोधन विधेयक जरूरी दो तिहाई बहुमत के अभाव में गिर गया। उसके बाद सोनिया का यह बयान आया है। दूसरी तरफ टीम अन्ना की अहम सदस्य किरण बेदी ने कहा है कि मंगलवार को जो कुछ भी हुआ उससे साफ जाहिर होता है कि लोकपाल को लेकर सरकार की मंशा क्या है? उन्होंने कहा कि इस बिल का भी वही हाल हो रहा है जैसे महिला आरक्षण बिल का हुआ है।

First Published: Wednesday, December 28, 2011, 23:01

comments powered by Disqus