‘भाजपा के पास के सभी तरह के मनोरंजन’ - Zee News हिंदी

‘भाजपा के पास के सभी तरह के मनोरंजन’



नई दिल्ली/बेंगलूर : कर्नाटक में विधानसभा कार्यवाही के दौरान मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखते हुए प्रदेश के तीन मंत्रियों के पकड़े जाने की घटना पर केंद्रीय संचार मंत्री कपिल सिब्बल ने बुधवार को भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इस पार्टी के पास मनोरंजन के सभी साधन हैं। सिब्बल ने कहा कि भाजपा को नैतिकता की शिक्षा देने से पहले अपने अंदर झांकना चाहिए क्योंकि भगवा पार्टी इस घटना में शामिल तीनों मंत्रियों से इस्तीफा मांगकर उच्च नैतिक मानदंडों और सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी का उदाहरण पेश करने की कोशिश कर रही है।

 

उन्होंने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि आजकल ऐसा लगता है कि भाजपा के कुछ लोगों के पास मनोरंजन के सभी तरह के साधन हैं। कभी यह राजनीतिक मनोरंजन होता है। कभी किसी अन्य तरह का मनोरंजन होता है। सिब्बल ने यह भी कहा कि नैतिकता की दुहाई देने वाली भाजपा यदि विधानसभा के अपने सदस्यों ठीक से देखे तो उसे जवाब मिल जाएगा।

 

कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने समान विचार प्रकट करते हुए कहा कि इस विवाद ने विपक्षी पार्टी की कथनी और करनी में फर्क उजागर कर दिया है। पार्टी प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने कहा कि भ्रष्टाचार से लेकर अश्लीलता तक, कर्नाटक में भाजपा के पास बहुत बड़ा क्षेत्र मौजूद है। यह भाजपा की कथनी और करनी में फर्क को उजागर करता है।

(एजेंसी)

First Published: Wednesday, February 8, 2012, 21:53

comments powered by Disqus