Last Updated: Monday, May 20, 2013, 18:16

नई दिल्ली : कर्नाटक के रूप में दक्षिण भारत के पहले और एकमात्र राज्य में आई सत्ता को गंवाने का विशलेषण करते हुए भाजपा ने कहा कि देश भाजपा को कांग्रेस की तरह करप्ट नहीं, बल्कि करेक्ट देखना चाहता है।
भाजपा के मुखपत्र ‘कमल संदेश’ के नए अंक के संपाद्कीय में कहा गया, ‘‘जनता भाजपा को भाजपा की तरह देखना चाहती है, कांग्रेस की तरह नहीं। खासकर देश की जनता कांग्रेस को करप्ट मानती है और कहती है कि करप्शन कांग्रेस का करेक्टर है।’’ इसमें कहा गया, लेकिन देश भाजपा को करप्ट नहीं देखना चाहता। देश भाजपा को करेक्ट देखना चाहता है। और भाजपा को करेक्ट रखना भाजपा का काम है, किसी और का नहीं।’’ संपाद्कीय में पार्टी को नसीहत दी गई, ‘‘भाजपा जहां भी सत्ता में है उसे कलह से दूर रहना होगा।
कर्नाटक विधानसभा के जो परिणाम आए हैं वह पूर्वविदित और सर्वविदित था। वहां पर ऐसा कुछ भी नया नहीं हुआ, जिसको लेकर कांग्रेस उछल कूद करे। भाजपा में यदि आंतरिक कलह नहीं होता तो कर्नाटक की जनता भाजपा को दूसरी बार पलक-पांवड़े बिछाकर सत्ता सौंपती। इस सत्य को कांग्रेस भी जानती है और भाजपा तो जानती ही है।’’ आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन बेहतर होने की उम्मीद जताते हुए इसमें कहा गया, ‘‘कर्नाटक मां अंजनी पुत्र हनुमान की जन्मस्थली है। ..बस हम सभी को हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए कार्यकर्ताओं का हनुमंत जगाना है। कार्यकर्ता का हनुमंत भाव जग गया तो कांग्रेसरूपी लंका को हमारा कार्यकर्ता अपनी पूंछ से ही ध्वस्त कर देगा।’’ (एजेंसी)
First Published: Monday, May 20, 2013, 18:16