भाजपा ने दिग्विजय पर किया पलटवार - Zee News हिंदी

भाजपा ने दिग्विजय पर किया पलटवार




 नई दिल्ली : श्रीश्री रविशंकर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का प्लान ‘सी’ कहे जाने पर भाजपा ने  सोमवार को दिग्विजय सिंह पर पलटवार किया और कहा कि कांग्रेस नेता अपनी पार्टी का प्लान ‘डी’ हैं जिसे डर्टी ट्रिक डिपार्टमेंट या डफर (चालबाजी वाला विभाग या मूर्ख) कहा जा सकता है जो सोनिया गांधी के लिए बोलता है।

 

भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, दिग्विजय सिंह कांग्रेस का प्लान डी हैं। कोई इसे चालबाजी वाला विभाग कहे या मूर्ख। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न सिर्फ उनकी (दिग्विजय) टिप्पणियों से दूरी बनानी चाहिए बल्कि उनकी आलोचना भी करनी चाहिए। भाजपा ने आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह हमेशा हर तरह की गलत चीजों का समर्थन करते हैं।

 

जावड़ेकर ने कहा, दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर बेलगाम और असंवेदनशील बयान दिया है। हम इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं लेकिन कांग्रेस पर इसलिए हमला कर रहे हैं क्योंकि वह (दिग्विजय) आतंकवादियों का समर्थन करते हैं ओसामा बिन लादेन को ओसामा जी कहते हैं और आजमगढ़ में आतंकवादियों के घरों का दौरा करते हैं। भाजपा ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने यह भी कहा है कि 2जी और राष्ट्रमंडल घोटालों में शामिल लोगों को जमानत दी जानी चाहिए।

 

जावड़ेकर ने कहा, कांग्रेस हमेशा कहती है कि यह उनका (दिग्विजय) का व्यक्तिगत विचार है और इससे दूरी बनाती है। लेकिन सचाई यह है कि वह सोनिया गांधी की तरफ से बोलते हैं। यदि ऐसा नहीं होता तो कांग्रेस न सिर्फ उनकी टिप्पणियों से दूरी बनाती बल्कि आलोचना भी करती। विपक्ष ने आरोप लगाया कि सिंह की टिप्पणियों के प्रति कांग्रेस का रवैया केवल औपचारिकता के लिए है और उनकी टिप्पणियां वोट बैंक की राजनीति पर आधारित हैं तथा निहित स्वार्थ साधने के लिए हैं।

 

भाजपा ने जोर दिया कि यदि कांग्रेस भ्रष्टाचार से लड़ने को लेकर गंभीर है जैसा कि रविवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा तो इसे खनन घोटाले में गोवा के मुख्यमंत्री दिगंबर कामत के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए राजकुमार चौहान के खिलाफ दिल्ली के लोकायुक्त की रिपोर्ट पर कार्रवाई करनी चाहिए और 2जी घोटाले में गृहमंत्री पी. चिदंबरम के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। जावड़ेकर ने कहा, कांग्रेस को देखना चाहिए कि नुकसान की भरपाई कैसे होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को थूक कर भाग जाने की नीति बदलनी चाहिए। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 31, 2011, 22:46

comments powered by Disqus