Last Updated: Monday, November 26, 2012, 15:07
नई दिल्ली : लोक लेखा समिति (पीएसी) के अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी के खिलाफ कैग के पूर्व अधिकारी आरपी सिंह के अपने बयान से पीछे हटने के बाद भाजपा ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से अपना बयान वापस लेने की मांग की जिसमें उन्होंने मुख्य विपक्षी पार्टी को निशाना बनाया था।
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा कि आरपी सिंह के बयान के मद्देनजर भाजपा जानना चाहती है कि क्या सोनिया गांधी जी अपना बयान वापस लेंगी जिसमें एक तरह से उन्होंने भाजपा की आलोचना की थी। उन्होंने कहा कि मुख्य मुद्दा टूजी स्पेक्ट्रम लाइसेंस के आवंटन में भ्रष्टाचार का है जिसे उच्चतम न्यायालय ने रद्द कर दिया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह निंदनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा की मंशा पर सवाल किया और वह भी एक पूर्व अधिकारी के प्रेरित बयान के आधार पर। गौरतलब है कि सोनिया ने कहा कि भाजपा बेनकाब हो चुकी है। सरकार ने जोशी से उनकी कथित भूमिका पर जवाब मांगा है।
यह पूछने पर कि क्या सिंह की टिप्पणियों से भाजपा बेनकाब हो गयी है, सोनिया ने कहा कि हां, निश्चित तौर पर मैं ऐसा मानती हूं। (एजेंसी)
First Published: Monday, November 26, 2012, 15:07