भाजपा रिकार्ड जीत दर्ज कर सत्ता में आएगी : आडवाणी

भाजपा रिकार्ड जीत दर्ज कर सत्ता में आएगी : आडवाणी

भाजपा रिकार्ड जीत दर्ज कर सत्ता में आएगी : आडवाणीज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेता लाल कृष्ण आडवाणी की मानें तो आगामी लोकसभा चुनावों में देश में भाजपा की ही सरकार बनेगी। शनिवार को पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए आडवाणी ने कहा कि जिस तरह के संकेत मिल रहे हैं उससे लगता है कि 2014 के आम चुनाव समय से पहले हो सकते हैं और इसके नतीजे चौंकाने वाले होंगे। पार्टी को भारी विजय हासिल होगी।

आडवाणी ने कहा कि लगभग सभी अनुमान पार्टी के पक्ष में हैं और उन्हें पूरी उम्मीद है कि भाजपा `रिकार्ड` जीत दर्ज कर सत्ता में आएगी। आडवाणी ने कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार, घोटालों और महंगाई के चलते इन चुनावों के लिए विपक्ष के हाथ में एजेंडा थमा दिया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं और इन मुद्दों को जन-जन तक पहुंचा कर कांग्रेस के खिलाफ माहौल बनाएं।

आडवाणी ने कहा कि भाजपा ने कभी जाति की राजनीति नहीं की इसीलिए पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि देश में माहौल पूरी तरह भाजपा के पक्ष में है और पार्टी को इसका फायदा उठाना होगा। दरअसल अगली सरकार को लेकर कयास लगने शुरू हो गए हैं। इसी क्रम में कई मीडिया हाउस ने अपनी ओर से सर्वेक्षण भी करवाया है, जिसका सार यह है कि अगर अभी चुनाव हो जाएं तो एनडीए को फायदा होगा और वह सरकार बनाने की स्थिति में होगी। संभवत: इन्हीं आंकड़ों को देखते हुए आडवाणी ने अपनी पार्टी की जीत की संभावना जताई है।

First Published: Saturday, July 27, 2013, 17:43

comments powered by Disqus