Last Updated: Sunday, March 31, 2013, 19:21

नई दिल्ली : भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर आज अपनी ‘टीम 2014’ की घोषणा की जिसमें नरेंद्र मोदी को संसदीय बोर्ड में शामिल किये जाने से राष्ट्रीय स्तर पर उनकी बड़ी भूमिका की तस्वीर साफ हो गई है। पार्टी ने आज 203 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की भी घोषणा की। 62 वर्षीय मोदी को पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारक इकाई में शामिल करने के साथ भाजपा ने अपनी 74 सदस्यीय नई टीम का ऐलान कर दिया। नरेंद्र मोदी भाजपा शासित किसी राज्य के एकमात्र मौजूदा मुख्यमंत्री हैं जिन्हें पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने संसदीय बोर्ड में जगह दी है। मोदी को राजनाथ की अध्यक्षता वाली पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति में भी शामिल किया गया है।
कयास लगाया जा रहा था कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी संसदीय बोर्ड में जगह दी जाएगी लेकिन संसदीय बोर्ड में खाली एकमात्र सीट हाल ही में गुजरात विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक बनाने वाले मोदी को मिली। दिलचस्प बात है कि इन्हीं राजनाथ सिंह ने अपने पहले अध्यक्षीय कार्यकाल में मोदी को संसदीय बोर्ड से हटा दिया था। लेकिन आज बदले हालात के बीच उन्हें मोदी को वापस लाना पड़ा।
राजनाथ की आज घोषित 76 सदस्यीय टीम में 12 उपाध्यक्ष, 10 महासचिव, 15 सचिव और सात प्रवक्ता हैं। इनके अलावा 12 सदस्यीय केंद्रीय संसदीय बोर्ड, 19 सदस्यीय केंद्रीय चुनाव समिति और पांच सदस्यीय केंद्रीय अनुशासन समिति भी इस टीम का हिस्सा हैं। पदाधिकारियों की सूची में कुछ नामों पर भी मोदी की मुहर नजर आती है जिनमें उनके विश्वासपात्र अमित शाह को महासचिव जैसा अहम पद दिया गया है। सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ की साजिश में सीबीआई द्वारा अभियुक्त बनाये जाने पर शाह को गुजरात के गृह मंत्री पद से हटना पड़ा था।
उपाध्यक्ष के तौर पर प्रोन्नत की गयीं स्मृति ईरानी को भी मोदी का करीबी माना जाता है। गत जनवरी में पार्टी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दूसरी बार संभालने वाले राजनाथ ने अपनी टीम के नए चेहरों में मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को उपाध्यक्ष और पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी को महासचिव बनाया है। नेहरु गांधी परिवार के वरुण को खास तवज्जो दिया जाना कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी की काट की रूप में देखा जा रहा है। हालांकि टीम की घोषणा होने के कुछ ही मिनट बाद वरुण को अहमियत दिये जाने के विरोध में पार्टी के भीतर स्वर उठने लगे।
पार्टी नेता विनय कटियार ने कटाक्ष करते हुए कहा कि वरुण के आगे ‘गांधी’ लगा हुआ है शायद इसलिए उन्हें जरूरत से ज्यादा महत्व दिया गया है। पार्टी नेतृत्व के खिलाफ अक्सर बाग़ी तेवर अपनाने वाले यशवंत सिन्हा को टीम में जगह नहीं दी गयी। अब तक भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रहे रविशंकर प्रसाद को भी टीम में शामिल नहीं किया गया। हालांकि इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि वह राज्यसभा में पार्टी के उपनेता हैं और ‘एक व्यक्ति एक पद’ के तहत ऐसा किया गया है।
पुरानी टीम में उपाध्यक्ष की भूमिका में शामिल नजमा हेपतुल्ला, हेमा मालिनी, शांता कुमार और महासचिव रहीं वसुंधरा राजे भी नई टीम में नहीं हैं। पार्टी के नए उपाध्यक्षों में सीपी ठाकुर, बलबीर पुंज, सतपाल मलिक, प्रभात झा, बिजया चक्रवर्ती और किरण माहेश्वरी भी हैं। अनंत कुमार, थावर चंद गहलोत, नड्ढा, धर्मेंद्र प्रधान, तापिर गाव, राजीव प्रताप रूडी और मुरलीधर राव महासचिवों की टीम में रहेंगे।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा के साथ पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री लक्ष्मीकांत चावला को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। दिवंगत भाजपा नेता प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन को सचिव बनाया गया है। राज्यसभा में भाजपा के उपनेता रहे एस.एस. अहलूवालिया अब पार्टी उपाध्यक्ष के किरदार में दिखाई देंगे। दुर्ग से लोकसभा सदस्य सरोज पांडेय भाजपा महिला मोर्चा की कमान संभालेंगी और स्मृति ईरानी की जगह लेंगी। अनुराग ठाकुर पहले की तरह भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष बने रहेंगे।
भाजपा में संघ से तालमेल और राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के काम के लिए रामलाल पार्टी के संगठन महासचिव की जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। वी. सतीश और सौदान सिंह को नए संयुक्त महासचिव (संगठन) का काम दिया गया है। प्रवक्ताओं की टीम में जहां प्रकाश जावड़ेकर, शाहनवाज हुसैन और निर्मला सीतारमण बने रहेंगे वहीं विजय सोनकर शास्त्री, सुधांशु त्रिवेदी, मीनाक्षी लेखी और कैप्टन अभिमन्यु नए प्रवक्ता होंगे। श्याम जाजू, भूपेंद्र यादव, कृष्ण दास, अनिल जैन, विनोद पांडेय, त्रिवेंद्र रावत, रामेश्वर चौरसिया, आरती मेहरा, रेणु कुशवाहा, सुधा यादव, सुधा मलैया, तमिल ईसाई और वाणी त्रिपाठी को सचिव के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की कमान संजय पासवान को दी गयी है वहीं फग्गन सिंह कुलस्ते अनुसूचित जनजाति मोर्चा का काम देखेंगे। अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी अब्दुल राशिद के हाथों में होगी और ओम प्रकाश धनकड़ किसान मोर्चा की अगुवाई करेंगे। कोषाध्यक्ष का काम राज्यसभा सदस्य पीयूष गोयल देखते रहेंगे वहीं मुख्यालय प्रभारी ओपी कोहली और संसदीय पार्टी के कार्यालय सचिव रामकृपाल सिन्हा अपनी जिम्मेदारियां पूर्ववत निभाते रहेंगे।
पार्टी की केंद्रीय अनुशासन समिति के अध्यक्ष राधा मोहन सिंह होंगे वहीं जगदीश मुखी इसके सचिव और एल गणेशन, हरीबाबू, श्याम नंदन सिंह सदस्य के तौर पर समिति में रहेंगे। राजनाथ ने अपनी शैली के मुताबिक टीम में जातियों, धर्म और सभी वर्गों का उचित प्रतिनिधित्व रखने का प्रयास किया है वहीं अपने करीबी माने जाने वाले नेताओं को भी जगह दी है। टीम में कई चेहरे नए हैं और 80 प्रतिशत के आसपास नेताओं की उम्र 60 साल से कम है।
उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने ‘टीम 2014’ की घोषणा के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं से गहन राय-मशविरा करने के बाद नेताओं की क्षमता, उपयोगिता, सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुये इस टीम का गठन किया है। भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल को गुजरात में एक भव्य आयोजन किया जा रहा है। ऐसी खबर है कि उस अवसर पर मोदी को लोकसभा चुनाव के लिए कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने की घोषणा की जा सकती है।
भाजपा की नई टीम में उपाध्यक्ष के तौर पर जुएल ओरांव और सचिव के तौर पर झारखंड से लुइस मरांडी को शामिल कर आदिवासी चेहरों को शामिल करने की जुगत की गई है। शीर्ष नीति निर्धारक 12 सदस्यीय केंद्रीय संसदीय बोर्ड के प्रमुख जहां राजनाथ होंगे वहीं इसमें सदस्यों के तौर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, एम वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, अनंत कुमार, थावर चंद गहलोत और रामलाल हैं और आज इसमें मोदी भी शामिल हो गए हैं।
इन सभी शीर्ष नेताओं के साथ गोपीनाथ मुंडे, जुएल ओरांव, शाहनवाज हुसैन, विनय कटियार, जेपी नड्ढा और डॉ. हर्षवर्धन को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। महिला मोर्चा की अध्यक्ष सरोज पांडेय समिति की पदेन सदस्य हैं। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने आज पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ नई राष्ट्रीय कार्यकारणी का भी ऐलान कर दिया जिसमें कुल 203 सदस्य हैं। कार्यकारिणी के सदस्यों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ पांच भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, चार राज्यों के उपमुख्यमंत्री, कुछ पूर्व मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री, संसद के दोनों सदनों में पार्टी के मुख्य सचेतक, कुछ राज्यों में विधायक दल के नेता, 46 स्थाई आमंत्रित सदस्य और 40 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हैं।
पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में वरिष्ठ नेताओं अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, नितिन गडकरी, मुरली मनोहर जोशी, वेंकैया नायडू, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, रविशंकर प्रसाद, गोपीनाथ मुंडे, जसवंत सिंह और यशवंत सिन्हा समेत कुल 203 सदस्य हैं। (एजेंसी)
First Published: Sunday, March 31, 2013, 12:50