Last Updated: Thursday, April 25, 2013, 00:32
कोलकाता : आस्ट्रेलियाई सरकार भारत को यूरेनियम आपूर्ति के बारे में बातचीत कर रही है। यूरेनियम आपूर्ति के लिए इसके शांतिपूर्ण कार्यों में इस्तेमाल को सुरक्षा उपाय करने होंगे। आस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त ने यह जानकारी दी।
उच्चायुक्त पट्रिक सकलिंग ने यहां संवाददाताओं से कहा कि हम भारत को यूरेनियम की बिक्री के बारे में एक समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। यूरेनियम बिक्री की अब हमारी नई नीति है। इसके तहत भारत को सुरक्षा उपाय करने होंगे ताकि यूरेनियम का इस्तेमाल केवल शांतिपूर्ण कार्यों के लिये हो सके।
भारत ने परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर नहीं किये हैं। इस वजह से आस्ट्रेलिया ने इससे पहले भारत को यूरेनियम आपूर्ति से इनकार कर दिया था। हालांकि, इसके बाद आस्ट्रेलिया में सत्ता में आई लेबर पार्टी ने नीति में बदलाव किया। सकलिंग ने कहा कि आस्ट्रेलिया भारत के साथ द्विपक्षीय व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि चाहता है। उन्होंने कहा कि उर्जा क्षेत्र, विशेषतौर पर कोयला इसका महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। हम भारत के साथ लगातार मजबूत भागीदारी की उम्मीद कर रहे हैं, दोनों के बीच शिक्षा, बैंकिंग और वित्त क्षेत्र में व्यापक संभावनायें हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लिए खनन भी काफी बड़ा क्षेत्र है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, April 25, 2013, 00:32