Last Updated: Wednesday, April 11, 2012, 10:17
ज़ी न्यूज ब्यूरो नई दिल्ली : इंडोनेशिया के सुमात्रा के तट पर बुधवार को आए भूकंप के पहले जबर्दस्त झटके के बाद जारी सुनामी चेतावनी को भारत ने वापस ले लिया है। इससे पहले, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के उपाध्यक्ष शशिधर रेडडी ने कहा कि हिन्द महासागर में सुनामी की कोई संभावना नहीं नजर आ रही है। अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में अब तक कोई तेज लहर नहीं देखी गई है। सुनामी की संभावना वस्तुत: नहीं है। वहीं, केंद्रीय गृह सचिव आर के सिंह ने भी कहा कि भारत के तटीय क्षेत्र को लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं। सरकार किसी भी संभावित घटना से निपटने के लिए तैयार है। गृह सचिव ने कहा कि अभी तक सुनामी का कोई संकेत नहीं है। केंद्र सरकार आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा सरकार के लगातार संपर्क में है ।
इससे पहले, इंडोनेशिया के सुमात्रा तट पर आए भीषण भूकंप के बाद भारत ने निकोबार द्वीपसमूह के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की थी। सुमात्रा में भूकंप के बाद तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और अंडमान द्वीपसमूह के तटीय इलाकों को भी सतर्क कर दिया गया और सुनामी का अलर्ट जारी किया गया। चेन्नई, बेंगलूरु के विभिन्न भागों में आज दोपहर बाद भूकंप के तगड़े झटके महसूस किए गए। देश के कई हिस्सोंण में भूकंप के झटके महसूस किए गए।
तमिलनाडु, कर्नाटक, असम, बंगाल, बिहार और अन्यक उत्तसर पूर्वी राज्यों में दोपहर बाद झटके महसूस किए गए। चेन्नई के विभिन्न भागों में दोपहर बाद भूकंप के तगड़े झटके महसूस किए गए। लोग अपने घरों और दफ्तरों से घबराकर बाहर निकल आए। वहीं, भूकंप के झटकों के बाद कोलकाता में मेट्रो के परिचालन को रोक दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, निकोबार द्वीपसमूह में सुनामी अलर्ट जारी कर दिया गया है और एनडीआरएफ की छह टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गई हैं। इस बीच, तटीय इलाकों को खाली कराया जा रहा है।
भू-विज्ञान मंत्रालय के सचिव शैलेश नायक ने बताया कि हमने निकोबार द्वीप समूह के लिए चेतावनी जारी की है। इंडियन सुनामी अर्ली वार्निंग सेंटर के अनुमान में भूकंप से उठने वाली सुनामी को निकोबार, कोमात्रा और कात्ची के कुछ भागों से पहुंचते दिखाया गया है।
सेंटर ने तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटीय भागों और अंडमान द्वीप समूह के लिए सतर्कता जारी करते हुए पहली लहर के आने के समय की भविष्यवाणी की है। तमिलनाडु के तट पर सुनामी की पहली लहर चार बजकर 33 मिनट पर आने की भविष्यवाणी की गई है।
चेन्नई और उसके आसपास के इलाकों में भूकंप का तगड़ा झटका महसूस किया गया और बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले और इनमें काम करने वाले लोग बाहर खुले इलाकों में निकल आए। कोलकाता और उसके आसपास के इलाके भी भूकंप से थरथरा गए। भूकंप के झटके कोलकाता से सटे उत्तरी 24 परगना जिले और उत्तरी बंगाल के सिलिगुड़ी शहर तक महसूस किए गए। पार्क स्ट्रीट में बड़ी संख्या में लोग कार्यालयों से बाहर निकल आए और पुराने बीबीडी बाग इलाके में खिड़कियां और दरवाजे बजने लगे।
इंडोनेशिया के सुदूर पश्चिम स्थित आसेह प्रांत से लगे समुद्र में आए 8.7 की तीव्रता वाले भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण ने बुधवार को बताया कि भूकंप का केंद्र प्रांत की राजधानी बान्दा आसेह से करीब 495 किलोमीटर दूर समुद्र की सतह से 33 किलोमीटर नीचे था।
इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान एवं भूभौतिकी एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। इंडोनेशिया ज्वालामुखी और भूकंप गतिविधियों वाला देश रहा है। 26 दिसंबर 2004 को रिक्टर पैमाने पर 9.1 की तीव्रता वाले भूकंप के बाद हिंद महासागर में जबर्दस्त सुनामी आई थी, जिसमें 2,30,000 लोग मारे गए थे।
First Published: Thursday, April 12, 2012, 21:23