भारत बंद का जनजीवन पर पड़ा व्यापक असर

भारत बंद का जनजीवन पर पड़ा व्यापक असर

नई दिल्ली: पेट्रोल की कीमतों में भारी वृद्धि के खिलाफ एनडीए का भारत बंद जोर पकड़ने के साथ उग्र हो गया। लेफ्ट और समाजवादी पार्टी ने भी इस बंद का समर्थन किया है। कई राज्यों में सड़क और रेलमार्ग जाम होने से आम जनजीवन ठहर सा गया।


पेट्रोल मूल्य वृद्धि के खिलाफ विपक्षी पार्टियों द्वारा गुरुवार को आयोजित 12 घंटे भारत बंद का असर देशभर में देखने को मिला। एनडीए शासित राज्यों में बंद का असर ज्या दा रहा। ज्यादातर राज्यों में रेल व सड़क परिवहन प्रभावित रहा और लोगों को दैनिक जरूरतों की पूर्ति में परेशानियों का सामना करना पड़ा। कार्यालयों में उपस्थिति कम रही और ज्यादातर स्कूल-कॉलेज, दुकानें व व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।


कुछ छिटपुट घटनाओं के अलावा देशभर में बंद शांतिपूर्ण रहा। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा पेट्रोल मूल्यों में भारी वृद्धि के विरोध में आयोजित 12 घंटे के भारत बंद के दौरान गुरुवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। लगभग 55000 ऑटो एवं 15000 टैक्सियां बंद के कारण सड़कों पर नहीं उतरीं। भाजपा के नेताओं ने शहर के 100 चौराहों पर धरना दिया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने अक्षरधाम, लक्ष्मीनगर, जनकपुरी और मायापुरी इलाकों में सड़कों पर यातायात बाधित कर दिया। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए एवं वाहनों को रोका।

भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि इतने व्यापक स्तर पर भारत बंद का प्रभाव बताता है कि आम जनता मूल्य वृद्धि को बर्दाश्त नहीं करेगी और वह वर्तमान सरकार की नीतियों से आजिज आ चुकी है। अक्षरधाम पर प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व भाजपा के पूर्व संगठन मंत्री संजय जोशी ने किया। उनके अलावा नकवी व पूर्व सांसद चेतन चौहान और दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओपी कोहली भी इसमें शरीक हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस दौरान प्रधनमंत्री मनमोहन सिंह और पेट्रोलियम मंत्री जयपाल रेड्डी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने इन नेताओं को यहां गिरफ्तार भी किया।

दिल्ली पुलिस ने बंद के दौरान आम लोगों को असुविधा से बचाने के लिए फेसबुक सहित अनेक साइटों पर सावधान रहने की चेतावनी दी थी।

यातायात विभाग ने फेसबुक पर लिखा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने अक्षरधाम फ्लाईओवर को बाधित कर दिया है। कृपया इस सड़क पर आने से बचें। लगभग 300 व्यापारिक संगठनों ने बंद का समर्थन किया। नई दिल्ली में ही मार्क्सबवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रमुख नेताओं वृंदा करात, प्रकाश करात, सीताराम येचुरी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के डी. राजा ने पेट्रोल मूल्य वृद्धि वापसी की मांग को लेकर दरियागंज पुलिस स्टेशन में गिरफ्तारी दी।

पश्चिम बंगाल में गुरुवार को बंद समर्थकों ने एक बस में आग लगा दी। मुम्बई में 60 बसों पर पथराव और तमिलनाडु में पांच बसों में तोड़फोड़ की सूचना है। पुणे व ठाणे में बसों पर पथराव की चार घटनाएं सामने आईं। मध्य प्रदेश में बंद के चलते बाजार बंद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर जबरन दुकानें बंद कराईं। राजधानी भोपाल सहित इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और अन्य स्थानों पर बंद का सुबह से ही व्यापक असर दिखा। छत्तीसगढ़ में भी दुकानें व व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे और बंद से जनजीवन प्रभावित रहा।

पश्चिम बंगाल में गुरुवार को बंद समर्थकों ने एक बस में आग लगा दी और रेल एवं सड़क यातायात बाधित किया। बंद समर्थकों ने शहर के विभिन्न इलाकों में जुलूस भी निकाले। कुछ स्थानों पर व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

तमिलनाडु में बंद का आंशिक असर दिखा। बंद के दौरान कन्याकुमारी में प्रदर्शनकारियों ने कुछ दुकानों को जबरन बंद कराया एवं पांच बसों में तोड़फोड़ की। भाजपा का गढ़ माने जाने वाले कोयम्बटूर में कुछ व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

झारखण्ड में आम जनजीवन प्रभावित हुआ। राज्य के कुछ इलाकों में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे एवं सड़कों पर बस एवं ऑटो रिक्शा नहीं चले। रांची में भारतीय जनता पाटी (भाजपा) सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। रांची, कोडरमा, धनबाद एवं गिरीडीह में प्रदर्शनकारियों ने रेल यातायात बाधित की।

उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित सारे बड़े शहरों के बाजारों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सुबह से ताले लटक रहे। बंद को व्यापारिक संगठनों का समर्थन प्राप्त है। सपा कार्यकर्ताओं ने इलाहाबाद रेलवे स्टेशन पर रेलमार्ग जाम किया जिससे काफी समय तक रेल परिचालन प्रभावित हुआ। लखनऊ के अलावा मेरठ, कानपुर, वाराणसी और गोरखपुर सहित अन्य शहरों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के पुतले जलाए। जौनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्री रेलगाड़ी रोकीं।

त्रिपुरा में रेल एवं बस यातायात प्रभावित रहा। वैसे अगरतला-कोलकाता, अगरतला-गुवाहाटी व अगरतला-नई दिल्ली मार्गो पर हवाई सेवाएं अप्रभावित हैं।

कर्नाटक में राज्य संचालित व निजी बसें सड़कों से गायब रहीं, दुकानें व होटल बंद रहे और स्कूल, कॉलेजों में एक दिन के अवकाश की घोषणा की गई। यातायात बाधित होने से कार्यालयों में उपस्थिति कम देखी गई।

बिहार में बंद समर्थकों ने पटना के अति व्यस्ततम डाक बंगला चौराहे को जाम कर दिया जबकि कुछ समर्थक राजेंद्रनगर टर्मिनल पर पटरियों पर बैठ गए। बंद के दौरान जहानाबाद, खगड़िया, दरभंगा, सहरसा, सीवान, कटिहार में भी भाजपा और जनता दल (यु) के कार्यकर्ताओं ने सड़क व रेल मार्ग अवरुद्ध किया।

पेट्रोल मूल्य वृद्धि और महंगाई के खिलाफ महाराष्ट्र में भाजपा, रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया (आरपीआई) और शिवसेना बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन किया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शन कर इन पार्टी के कार्यकर्ताओंको हिरासत में लिया। मुम्बई में बेस्ट की करीब 60 बसों पर पथराव हुआ और पथराव में दो बसों के चालक घायल हुए।

मुम्बई के कार्यालयों में लोगों के लिए भोजन पहुंचाने वाले डब्बावालों ने गुरुवार को अपनी सेवाएं नहीं दीं। पुणे व ठाणे में बसों पर पत्थराव की चार घटनाएं सामने आईं।

हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी पेट्रोल मूल्य वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुए। बंद के समर्थन में हिमाचल में गुरुवार सुबह से दुकानें व व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। शिमला में करीब 6,000 दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं।

पंजाब में सत्तारुढ़ शिरोमणि अकाली दल (एसएडी)-भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारत बंद के दौरान राजमार्गो पर आवागमन बाधित किया। बंद समर्थकों ने अमृतसर के निकट अमृतसर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग व होशियारपुर जिले में पंजाब-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अवरुद्ध किया। इसके अलावा भटिंडा एवं जालंधर में भी राजमार्ग अवरुद्ध करने की खबरें हैं।

हरियाणा में बंद का मिला-जुला असर दिखाई दिया। चण्डीगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रेलपटरी पर धरना दिया। पेट्रोल मूल्य वृद्धि के खिलाफ जम्मू एवं कश्मीर में भाजपा और मार्क्सेवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने अलग-अलग बंद का आयोजन किया। माकपा ने राजधानी के प्रताप पार्क इलाके में और भाजपा ने लाल चौक पर विरोध-प्रदर्शन किया।

जम्मू एवं कश्मीर में बंद के दौरान सड़कों पर वाहन कम दिखे और दुकानें, एवं व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। बंद का सबसे ज्यादा प्रभावित वैष्णो देवी के तीर्थयात्री हुए। रेलगाड़ियों का यातायात बाधित होने से जम्मू रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में यात्री फंसे रहे।

ओडिशा में भी भारत बंद का व्यापक असर देखने को मिला। सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) सहित कई राजनीतिक दलों के समर्थकों ने बंद को सफल बनाने के लिए रेलवे स्टेशनों पर यातायात बाधित किया जिससे करीब 18 स्थानीय रेलगाड़ियां स्थगित करनी पड़ीं। (एजेंसी)

महाराष्ट्र में शिवसेना और रिपब्लिकल पार्टी ऑफ इंडिया बंद में साथ दे रहे हैं। दिल्ली और मुंबई के लोगों के लिए दोहरी मुसीबत है। दिल्ली में जहां सीएनजी की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ ऑटो वाले हड़ताल पर हैं वहीं मुंबई में डिब्बा वाले ने भी बंद के समर्थन में आज खाना बंद कर रखा है। अन्ना हजारे ने भी एनडीए के बंद का समर्थन किया है।

दिल्ली में शीला सरकार द्वार सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी से लगभग 55 हजार ऑटो चालकों ने भी आज अपने ऑटो सड़कों पर नहीं उतारने का फैसला किया है। उधर मुंबई में डिब्बा वाले ने भी आज खाना नहीं परोसने का फैसला किया है। इससे दिल्ली, मुंबई के लिए दोहरी मुसीबत हो गई है।

First Published: Thursday, May 31, 2012, 19:23

comments powered by Disqus