Last Updated: Wednesday, July 24, 2013, 19:28
बेंगलुरु : भारत के ‘मून मैन’ के नाम से मशहूर जी. माधवन नायर ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के इस दावे पर सवाल उठाए हैं कि देश का आगामी मंगल मिशन अर्थपूर्ण शोध करेगा। नायर ने 450 करोड़ रुपए की लागत वाली इसरो की मंगल मिशन परियोजना को महज एक ‘पब्लिसिटी स्टंट’ करार दिया है।
इसरो के पूर्व प्रमुख जी. माधवन नायर ने बताया, ‘इसरो एक गैर-जरूरी मिशन में लगा हुआ है जो महज एक पब्लिसिटी स्टंट है।’ नायर ने यह भी कहा कि देश में संचार ट्रांसपोर्टरों की जबर्दस्त कमी है। गौरतलब है कि नायर छह साल तक जब इसरो के अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग के सचिव थे उस वक्त 25 अंतरिक्ष मिशन सफल रहे थे जिसमें भारत का पहला चंद्र अभियान ‘चंद्रयान-1’ भी शामिल है। नायर ने कहा कि इसरो को के. कस्तूरीरंगन समिति की सिफारिशों पर अमल करके इस मुद्दे को सुलझाना चाहिए था।
‘मून मैन’ ने कहा, ‘यदि प्रक्षेपण होता भी है इसके बावजूद यह महज एक और पीएसएलवी प्रक्षेपण होगा। मंगल से किसी तरह की जानकारी हासिल करने में करीब आठ महीने लग जाते हैं। यह एक ऐसा मुद्दा है जिसकी समीक्षा वैज्ञानिक समुदाय को गंभीरता से करने की जरूरत है।’(एजेंसी)
First Published: Wednesday, July 24, 2013, 19:28