मनमोहन और सोनिया ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

मनमोहन और सोनिया ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली : राष्ट्र ने आज महात्मा गांधी की 144वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रपिता को याद किया और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत कई शीर्ष नेताओं ने राजघाट जाकर उनकी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह , कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित करने वाले प्रमुख नेताओं में थे ।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी यहां राजघाट पर बापू को श्रद्धांजलि देने सबसे पहले पहुंची और उनके बाद लालकृष्ण आडवाणी तथा उनकी बेटी प्रतिभा पहुंचे। कुछ देर बाद प्रधानमंत्री राजघाट पहुंचे और उन्होंने राष्ट्रपिता को पुष्पांजलि अर्पित की।

सिंह और सोनिया गांधी ने एक दूसरे का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। संसदीय कार्य मंत्री कमलनाथ और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित उनके बीच में बैठे थे।

राजघाट जाने वाली अन्य गणमान्य हस्तियों में महिला और बाल विकास मंत्री कृष्णा तीरथ, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मणिशंकर अय्यर और माणिक राव गावित आदि थे। इस दौरान राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर बापू के प्रिय भजन भी बजाए गए।

राष्ट्र ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी 109वीं जयंती पर याद किया। राष्ट्रपति , उप राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सोनिया गांधी और आडवाणी ने विजय घाट जाकर शास्त्री जी के समाधिस्थल पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की जिन्होंने जय जवान , जय किसान का नारा दिया था।
इस मौके पर शास्त्री के पुत्र अनिल शास्त्री और सुनील शास्त्री भी मौजूद थे।

महात्मा गांधी के जन्मदिवस को पूरा देश गांधी जयंती के रूप में मनाता है। इसे पूरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। 1869 में गुजरात के पोरबंदर में पैदा हुए महात्मा गांधी ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 30 जनवरी, 1948 को गांधी की हत्या कर दी गई थी। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, October 2, 2013, 11:36

comments powered by Disqus