मनमोहन कैबिनेट में 8 नए चेहरे, खड़गे बने नए रेल मंत्री | Cabinet Reshuffle

मनमोहन कैबिनेट में 8 नए चेहरे, खड़गे बने नए रेल मंत्री

मनमोहन कैबिनेट में 8 नए चेहरे, खड़गे बने नए रेल मंत्रीनई दिल्ली: मंत्रिपरिषद में संभवत: अंतिम फेरबदल और विस्तार में मल्लिकार्जुन खड़गे को सोमवार को रेल मंत्री बनाया गया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मंत्रिपरिषद में आठ नये चेहरे शामिल किये गये। सीसराम ओला और आस्कर फर्नांडीस ने कैबिनेट मंत्रियों के रूप में वापसी की है।

रविवार को कांग्रेस पार्टी में संगठन के स्तर पर फेरबदल के बाद सोमवार को मनमोहन मंत्रिपरिषद में भी फेरबदल देखने को मिला। राजस्थान से वरिष्ठ नेता गिरिजा व्यास और आंध्र प्रदेश से के एस राव ने ओला और फर्नांडीस के साथ कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।

मंत्रिपरिषद में तीन नये चेहरे शामिल किये गये हैं। संतोष चौधरी, जेडी सीलम और ईएनएस नचियप्पन को राज्य मंत्री बनाया गया है। माणिकराव गावित भी राज्य मंत्री बने हैं।

नये चेहरों को शामिल करने के साथ ही केन्द्रीय मंत्रिपरिषद में मंत्रियों की संख्या बढकर 77 हो गयी है।

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में आयोजित एक समारोह में सभी नये मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। शपथ ग्रहण समारोह में उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा कई केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए।

पिछले महीने कर्नाटक में कांग्रेस को मिली जबर्दस्त जीत के बाद खडगे का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए चल रहा था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब 71 वर्षीय खडगे को भारी भरकम रेल मंत्रालय देकर कुछ संतुष्ट करने की कोशिश की गयी है।

इससे पहले उनके पास श्रम और रोजगार मंत्रालय था, जिसे अब ओला संभालेंगे । 86 वर्षीय जाट नेता ओला राजस्थान के झुंझुनू क्षेत्र से सांसद हैं। संप्रग-1 सरकार मंव भी वह श्रम मंत्री रह चुके हैं। संप्रग-1 सरकार में श्रम, खेल एवं युवा मामलों के मंत्री रह चुके आस्कर को सडक परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय दिया गया है। उनसे पहले यह मंत्रालय सी पी जोशी देख रहे थे, जिन्होंने इस्तीफा दे दिया है।

राजस्थान के चित्तौडगढ़ से सांसद गिरिजा व्यास को आवास, शहरी विकास और गरीबी उन्मूलन मंत्रालय सौंपा गया है, जिसे अब तक अजय माकन देख रहे थे। अजय माकन ने संगठन के लिए काम करने के उद्देश्य से शनिवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

आंध्र प्रदेश के एलूरू से सांसद के एस राव 69 वर्ष के हैं । पिछले साल कैबिनेट विस्तार में उनकी अनदेखी की गयी थी लेकिन इस बार उन्हें कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किया गया है। राव को वस्त्र मंत्री बनाया गया है।

गावित को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री जबकि संतोष चौधरी को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री बनाया गया है। सीलम वित्त राज्य मंत्री होंगे जबकि नचियप्पन वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री बनाये गये हैं।

नचियप्पन (तमिलनाडु) और सीलम (आंध्र प्रदेश) से राज्यसभा सांसद हैं जबकि गावित महाराष्ट्र के नांदुरबार और संतोष चौधरी पंजाब के होशियारपुर से कांग्रेस की लोकसभा सांसद हैं।

द्रमुक के छह मंत्रियों के निकलने तथा पवन कुमार बंसल और अश्वनी कुमार के इस्तीफों के बाद से ही कैबिनेट विस्तार और फेरबदल की उम्मीद की जा रही थी। (एजेंसी)

First Published: Monday, June 17, 2013, 18:22

comments powered by Disqus