Last Updated: Sunday, January 20, 2013, 07:50

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज चेतावनी दी कि वह केन्द्रीय ऋणों के वाषिर्क ब्याज पर तीन साल की रोक लगाने की मांग पर जोर देने के लिए दिल्ली में लालकिला पर मार्च निकालेंगी। ममता ने यहां पार्टी रैली में कहा कि हम केन्द्र से भीख नहीं मांग रहे हैं। यदि हमारी मांग नहीं मानी गयी तो हम इस पर जोर डालने के लिए लालकिला जायेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं ताकि हम लोगों के लिए काम कर सकें। बंगाल के लोग इसे ज्यादा बर्दाश्त नहीं कर सकेंगे। आप बंगाल को आर्थिक रूप से कंगाल नहीं रख सकते।’’ तृणमूल प्रमुख ने आरोप लगाया कि केन्द्र की पिछली वाम मोर्चा सरकार के साथ साठगांठ थी जिसके चलते राज्य पर दो लाख करोड़ रूपये का रिण का बोझ पड़ा। उन्होंने कहा, ‘‘आपको धन वसूल करने के लिए यहां माकपा पार्टी मुख्यालय को नीलाम कर देना चाहिए। माकपा ने हजारों करोड़ रूपये की संपत्ति अर्जित की है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘संप्रग प्रथम और संप्रग द्वितीय सरकारों ने वाम मोर्चा सरकारों को अंधाधुंध रिण लेने और कर्ज का बोझ बढ़ाने की इजाजत दी।’’ उन्होंने सवाल किया कि हम पूर्व सरकार के पाप को क्यों भुगतें। (एजेंसी)
First Published: Sunday, January 20, 2013, 07:50