महाराष्ट्र के मंत्री के घर ठहरा था आतंकी अबू जिंदाल!

महाराष्ट्र के मंत्री के घर ठहरा था आतंकी अबू जिंदाल!

महाराष्ट्र के मंत्री के घर ठहरा था आतंकी अबू जिंदाल!
मुंबई/नई दिल्ली : दिल्लीं पुलिस के स्पेाशल सेल की ओर से मंगलवार को एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किए गए आतंकी अबू जिंदाल के मामले में एक नया खुलासा सामने आया है। सूत्रों के अनुसार,मुंबई हमलों में शामिल लश्कर आतंकी अबू महाराष्ट्र के एक मंत्री के घर मुंबई में साल 2009 में ठहरा था। जिंदाल जिस समय मंत्री के सरकारी परिसर में ठहरा था, उस समय फौजिया खान विधान पार्षद (एमएलसी) थीं।

हालांकि आतंकी को ठहराने पर शिक्षा राज्या मंत्री फौजिया खान ने सफाई दी कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि आतंकी जिंदाल उनके यहां ठहरा था। मेरे लिए यह संभव नहीं है कि मैं हर किसी के बारे में परख कर सकूं। क्योंकि इलाके से कई लोग उनके सरकारी आवास पर यहां आकर ठहरते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस सिलसिले में वह जांच एजेंसियों को पूरी मदद करेंगी।

आतंकी जिंदाल के बारे में यह खुलासा उस समय सामने आया है, जब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) आतंकी अबू जिंदाल को हिरासत में लेने की तैयारी में है। गौर हो कि अबू जिंदाल को सोमवार को गिरफ्तार किए जाने के बाद उसे दिल्ली की एक अदालत ने 15 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

उधर, मुंबई पुलिस ने आतंकी अबू जिंदाल की ट्रांजिट रिमांड मांगा है। तीस हजारी कोर्ट ने दिल्लीं पुलिस से कल तक जवाब मांगा है। मुंबई पुलिस ने दिल्ली की अदालत में मुंबई आतंकी हमले के हमलावरों के कथित आका अबु जिंदाल की हिरासत की मांग वाली याचिका दायर की। अदालत ने अबु जिंदाल की हिरासत मांगने वाली मुंबई पुलिस की याचिका पर दिल्ली पुलिस से 27 जून तक अपना जवाब देने के लिए कहा।

वहीं, दिल्ली पुलिस मुंबई आतंकी हमला करने वालों के आका अबु जिंदाल की रिमांड बढ़ाने का अनुरोध कर सकती है जिससे मुंबई पुलिस के इस आतंकी से जल्द पूछताछ करने के प्रयास पूरे हो सकते हैं।

दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने कहा कि वर्ष 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों से एक पखवाड़े पहले हुए जामा मस्जिद हमले के पीछे की बड़ी साजिश में जिंदाल की भूमिका की जांच की जा रही है। यह हमला उस बाटला हाउस मुठभेड़ का ‘बदला’ लेने के लिए किया गया था जिसमें इंडियन मुजाहिदीन के संदिग्ध सदस्य मारे गये थे।

सूत्रों ने कहा कि पांच जुलाई को जब जिंदाल अदालत के सामने पेश होगा तो वे उसकी पुलिस रिमांड बढ़ाने की मांग सकते हैं। जिंदाल के गिरफ्तार होने की बात सार्वजनिक होने के बाद मुंबई की एक अदालत ने उसके खिलाफ कल पेशी वारंट जारी किया था।

पेशी वारंट के साथ मुंबई पुलिस का एक दल अब दिल्ली की अदालत में आवेदन दायर करके जिंदाल की हिरासत मांगेगा और उसे 2008 के आतंकी हमले के मामले में सुनवाई के लिए मुंबई ले जाएगा।

हालांकि अगर दिल्ली पुलिस जिंदाल की रिमांड बढ़वाने में सफल रहती है तो मुंबई पुलिस को उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने तक का इंतजार करना होगा।

फिलहाल 15 दिन की पुलिस हिरासत में चल रहे जिंदाल को 21 जून को गिरफ्तार किया गया था। उसे सउदी अरब से हिरासत में लिया गया था और यहां पांच दिन पहले भेजा गया था। 30 वर्षीय जबीउददीन भारतीय नागरिक है जिसके बारे में माना जाता है कि वह मुंबई आतंकी हमले के समय आतंकवादियों को पाकिस्तान में ‘नियंत्रण कक्ष’ से निर्देश दे रहा था। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, June 26, 2012, 13:45

comments powered by Disqus