Last Updated: Sunday, February 17, 2013, 10:26

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में 16 दिसम्बर की रात घटी सामूहिक दुष्कर्म की खौफनाक घटना को याद करते हुए और इसे एक शर्मनाक घटना बताते हुए केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए अभी काफी कुछ करना बाकी है।
शिंदे, उत्तरी दिल्ली में किंग्सवे कैम्प में दिल्ली पुलिस के 66वें स्थापना दिवस पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा, "हमें महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए संयुक्त प्रयास करने की जरूरत है।" शिंदे ने दिल्ली पुलिस की भी प्रशंसा की, जिसने मात्र 24 घंटे में सामूहिक दुष्कर्म के मामले का पर्दाफाश कर दिया था।
ज्ञात हो कि 16 दिसम्बर, 2012 की रात एक 23 वर्षीय युवती के साथ चलती बस में छह लोगों ने दुष्कर्म किया था। उसे गम्भीर रूप से घायल अवस्था में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उसके बाद उसे सिंगापुर ले जाया गया था। लेकिन 29 दिसम्बर, 2012 को उसने दम तोड़ दिया। (एजेंसी)
First Published: Sunday, February 17, 2013, 10:26