‘महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष कार्यबल’

‘महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष कार्यबल’

‘महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष कार्यबल’नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा की निगरानी के लिए सरकार केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन एक विशेष कार्य बल (एसटीएफ) गठित करने पर विचार कर रही है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक चलती बस में एक 23 वर्षीय युवती के साथ हुई बलात्कार की घटना पर राज्यसभा में मंगलवार को सदस्यों द्वारा चिंता और आक्रोश जताने के बाद शिंदे ने यह बात कही।

शिंदे ने कहा कि केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी जो सदस्यों के सुझावों पर कार्रवाई के लिए दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों को देखेगी। सदस्यों द्वारा इस घटना के प्रति नाराजगी जताए जाने के बाद उन्होंने कहा कि इस मामले में तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए दिल्ली को ठिकाना बनाने के मकसद से दिल्ली पुलिस लगातार कई कदम उठा रही है। शिंदे ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टि से दिल्ली को सुरक्षित ठिकाना बनाने के लिए रात में सभी रास्तों पर पीसीआर वैन रहते हैं, पेट्रोलिंग में तेजी लाई गई है। विशेष रूटों की पहचान की गई है, जिनमें महिलाएं रात में काम करने के बाद घरों को लौटती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले यौन अपराधों के मद्देनजर कानून को सख्त बनाने के लिए आपराधिक कानून विधेयक पहले ही लोकसभा में पेश किया जा चुका है। इस संशोधन विधेयक में बलात्कारियों को और कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है।

लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने तो बलात्कारियों को फांसी पर लटकाने की मांग की। संसद के दोनों सदनों में सदस्यों ने इस जघन्य कांड की निंदा की। बलात्कार पीड़िता दिल्ली के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, December 18, 2012, 18:09

comments powered by Disqus