`महिलाओं के लिए हेल्पलाइन शुरू करेगा रेलवे`

`महिलाओं के लिए हेल्पलाइन शुरू करेगा रेलवे`

नई दिल्ली : रेलमंत्री पवन कुमार बंसल ने कहा कि भारतीय रेल जल्द ही महिलाओं के लिए हेल्पलाइन शुरू करेगा, जो सभी दिन 24 घंटे काम करेगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों और खासकर महिला यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बंसल ने मंगलवार को रेल बजट प्रस्तुत करने से पहले कहा कि यात्रियों और खासकर महिला यात्रियों की सुरक्षा भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 51 हजार डब्बों में से प्रत्येक में महिला कांस्टेबल तैनात करना सम्भव नहीं है। लेकिन जल्द ही महिलाओं के लिए 24 घंटे काम करने वाला एक टोल फ्री नम्बर निर्धारित किया जाएगा और किसी भी समय फोन करने पर उसी समय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि चेन या पर्स झपटमारी की घटना को रोकने के लिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि महिला डब्बे में कोई भी पुरुष नहीं चढ़ पाए। अपने गृह शहर चण्डीगढ़ जाते समय शताब्दी रेलगाड़ी पर बंसल ने कहा कि महिला सुरक्षा के अधिकतर सुझाव आम लोगों से आए हैं। उल्लेखनीय है कि 16 दिसम्बर को नई दिल्ली में एक बस में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई थी, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था।

ईंधन मूल्य में वृद्धि के कारण आगामी बजट में रेल किराए में वृद्धि की सम्भावना के बारे में पूछे जाने पर रेल मंत्री ने कहा कि आप सभी को बजट तक इंतजार करना होगा। मंत्री ने कहा कि यदि हमारे पास धन होगा तो हम अधिक सुविधा दे पाएंगे। मुझे जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक यात्रियों का कहना है कि उसे सुविधा मिलनी चाहिए और उसके लिए वह कुछ अधिक किराया दे सकते हैं। और किराया नहीं बढ़ेगा इस सम्भावना को हालांकि मंत्री ने सिरे से खारिज कर दिया। पिछले महीने ही किराए में कुछ वृद्धि हुई थी। बजट में माल ढुलाई में कुछ और वृद्धि हो सकती है। (एजेंसी)

First Published: Monday, February 25, 2013, 17:03

comments powered by Disqus