Last Updated: Saturday, September 21, 2013, 00:06
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : मिशन-2014 की बृहद तैयारी के मद्देनजर गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के पीएम कैंडिडेट नरेंद्र मोदी आने वाले दिनों में राष्ट्रीय राजधानी में अधिक से अधिक समय देने वाले हैं। इसकी शुरूआत मोदी ने शुक्रवार को एक बैठक से की।
नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव और आगामी लोकसभा चुनाव के रोडमैप पर रणनीति बनाने के लिए पार्टी प्रमुख राजनाथ सिंह और आरएसएस के वरिष्ठ नेता सुरेश सोनी के साथ चर्चा की। मोदी ने यह बैठक राजनाथ सिंह के आवास पर की।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि मोदी देश भर में अपनी रैलियों के आयोजन सहित अपने कार्यक्रमों में केंद्रीय भाजपा इकाई की और अधिक भागीदारी चाहते हैं। अभी तक यह काम गांधीनगर स्थित उनकी कोर टीम देखती थी। आने वाले हफ्तों में मोदी के देश भर में दर्जनों रैलियां किए जाने का कार्यक्रम है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में नौ बड़ी रैलियां किए जाने की योजना है। इस राज्य में भाजपा को काफी उम्मीदें हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री 29 सितंबर को दिल्ली में भी एक रैली को संबोधित करेंगे।
रैलियों के आयोजन और आने वाले दिनों में इस कार्य में केंद्रीय टीम की भागीदारी के अलावा चुनाव प्रचार समिति के तहत गठित 20 उप समितियों को विशेष कार्य के आवंटन पर भी चर्चा हुई। आरएसएस भी चाहती है कि उसे मोदी की रैलियों के आयोजन में शामिल किया जाए ताकि उन्हें सफल बनाया जा सके। देर शाम मोदी गांधीनगर लौट गए पर वह राष्ट्रीय एकता परिषद की बैठक में शरीक होने के लिए 23 सितंबर को फिर लौटेंगे।
First Published: Saturday, September 21, 2013, 00:06