Last Updated: Sunday, August 18, 2013, 23:29

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव के बाद अपने दम पर सरकार बनाने के लिए पार्टी के `मिशन 272+` या चुनाव में 272 सीटों से ज्यादा हासिल करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक देने के लिए कहा।
पार्टी की चुनाव अभियान समिति की यहां हुई बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने और चार बड़े राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव जीतने की दिशा में काम करने के लिए कहा।
भाजपा की चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष और अगले लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रधानमंत्री पद के संभावित प्रत्याशी गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विस्तृत योजना और फैसलों को उचित तरीके से लागू कर समग्र जीत हासिल की जा सकती है।
मोदी कहा, "समाज के सभी वर्गों तक पहुंचने के लिए और अगले 200 दिनों के भीतर संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी प्रयास किए जाने चाहिए।"
उन्होंने चुनाव का काम तेजी से निपटाने के लिए समीतियों का गठन करने का आह्वान किया।
पार्टी प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने संवाददाताओं से कहा, "उन्होंने (राजनाथ सिंह) कहा कि हमारा लक्ष्य अकेले 272 से अधिक सीटें हासिल करने का है। भाजपा इसे हासिल कर सकती है और इस विश्वास के साथ हम लोगों के पास जा रहे हैं।"
जावड़ेकर के मुताबिक भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आर्थिक मोर्चा हो या देश की सीमा, सरकार लोगों को किसी भी तरह की सुरक्षा प्रदान करने में सक्षम नहीं है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली और लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज जैसे वरिष्ठ नेता भी बैठक में मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि इस साल के अंत तक पांच राज्यों दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं मिजोरम में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
मोदी ने दावा किया कि राज्य विधानसभा चुनाव में 20 से 25 प्रतिशत अल्पसंख्यक मतदाताओं ने उनके पक्ष में वोट किया था और लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को मुस्लिमों समेत सभी वर्गों तक पहुंच बनानी होगी।
भाजपा की चुनाव अभियान समिति, प्रदेश अध्यक्षों और संगठन महासचिवों के एक सम्मेलन में मोदी तथा अन्य वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं ने अगले चुनाव में बूथ स्तर पर मतदाताओं तक पहुंच बनाने की जरूरत पर जोर दिया।
मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा को अल्पसंख्यकों समेत सभी वर्गों तक पहुंच बनानी चाहिए। गुजरात में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों और खासकर गरीब जनता के साथ संपर्क बढ़ाने के नतीजतन 20 से 25 प्रतिशत अल्पसंख्यकों ने भाजपा के लिए मतदान किया।
भाजपा चुनाव अभियान समिति के प्रमुख ने कहा कि उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय को बताया कि कांग्रेस ने किस तरह उनके लिए कुछ नहीं किया और इस अनदेखी के कारण उनकी गरीबी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इस वर्ग को अपना बनाने के लिए पार्टी को पूरे देश में इस तरह का प्रयास करना होगा।
मोदी ने अल्पसंख्यक समुदाय पर पकड़ बनाने के लिए एक रोचक विचार पेश करते हुए कहा कि मुस्लिमों में शिया, सुन्नी और अन्य कई वर्ग हैं और उनसे जुड़ी समस्याओं के समाधान का वायदा करके संवाद स्थापित किया जा सकता है।
मोदी और लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की जरूरत बताई। (एजेंसी)
First Published: Sunday, August 18, 2013, 23:29