Last Updated: Friday, March 9, 2012, 07:33
मुंबई: होली में जहरीले रंग के कारण मुंबई में उपनगर घाटकोपर के एक अस्पताल में इलाज करा रहे 13 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गयी है।
नागरिक अधिकारियों ने बताया है कि यहां के धारावी इलाके में होली त्योहार के दौरान जहरीले रंग के कारण बीमार पड़े विकी वाल्मिकी की गुरुवार रात राजावाडी में मौत हो गयी।
मुंबई के कुछ हिस्सों में विषाक्त रंग के कारण लोगों ने एलर्जी की शिकायत की थी जिसके बाद नौ अन्य लोगों को भी इसी तरह के उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि 190 से अधिक लोगों को सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिसमें से अधिकांश बच्चों की उम्र नौ-दस साल के बीच है। 16 अन्य को बयकुला रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि अधिकांश लोगों ने चक्कर आने और उल्टी आने की शिकायत की थी।
पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उन दुकानों की तलाशी शुरू कर दी है जहां से इस विषाक्त रंग को खरीदा गया था।
(एजेंसी)
First Published: Friday, March 9, 2012, 13:04