मुंबई में पब के मेन्यू में ‘बलात्कारी’ कॉकटेल, `Balatkari` cocktail on Mumbai pub’s menu

मुंबई में पब के मेन्यू में ‘बलात्कारी’ कॉकटेल

मुंबई में पब के मेन्यू में ‘बलात्कारी’ कॉकटेलज़ी न्यूज ब्यूरो

मुंबई : मुंबई के बांद्रा स्थित एक पब में ‘बलात्कारी’ नाम से कॉकटेल परोसने का मामला प्रकाश में आया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की ओर से इस कदम का विरोध किए जाने के बाद पब मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

बांद्रा में लिंकिंग रोड स्थित यह पब अपने मेन्यू में ‘बलात्कारी’ नाम से ग्राहकों को कॉकटेल बेच रहा था। पब के इस अंसवेदनशील कदम को अपराध मानते हुए महिलाओं के एक समूह ने राकांपा नेताओं के नेतृत्व में पब के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया।

रिपोर्टों के मुताबिक पब के सह-मालिकों दिनेश गांधी एवं नेविल टिम्बाडिया ने ‘बलात्कारी’ नाम से शराब परोसे जाने पर अफसोस जताया लेकिन कहा कि उनकी मंशा किसी की भावनाओं को क्षति पहुंचाने की नहीं थी। उन्होंने कहा कि कॉकटेल का नाम ‘बलात्कारी’ इसलिए रखा गया क्योंकि इसकी तीव्रता काफी अधिक थी।

राकांपा कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद गांधी एवं टिम्बाडिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। एक स्थानीय अदालत ने हालांकि, शुक्रवार को दोनों को जमानत दे दी।

राकांपा की महिला मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि यह हैरान करने वाली बात है कि बार के मालिक सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसी तुच्छ चीजों का सहारा ले रहे थे।

उल्लेखनीय है कि गत 16 दिसंबर को दिल्ली में 23 वर्षीया मेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार के बाद देश भर में यौन हिंसा के खिलाफ आक्रोश है। महिलाओं की सुरक्षा और पुख्ता बनाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।

First Published: Friday, January 4, 2013, 17:11

comments powered by Disqus