Last Updated: Friday, January 6, 2012, 05:19
ज़ी न्यूज ब्यूरो नई दिल्ली : संघ यानी आरएसएस नेताओं के साथ छपी अपनी तस्वीरों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा है कि वो संघ के आभारी है जो उन लोगों ने मुझ पर इतना शोध किया। सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘मुझ पर अनुसंधान करने के लिए मैं आरएसएस का आभारी हूं। अब वे सभी शर्मनाक टिप्पणी, जो मेरे खिलाफ दिए गए बयान को वापस लें और इसके लिए उन्हें माफी मांग लेनी चाहिए।‘
दूसरों पर आरोप मढनेवाले कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह इस बार खुद आरोपों में घिरे नजर आ रहे हैं। नानाजी देशमुख के साथ अन्ना हजारे की तस्वीर पर हंगामा करने वाले कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह खुद संघ से रिश्तों को लेकर मुश्किल में घिर गए हैं।
संघ के मुखपत्र पांचजन्य में पूर्व संघ प्रमुख राजेन्द्र सिंह उर्फ रज्जू भैया और वीएचपी नेता अशोक सिंघल के साथ दिग्विजय सिंह की फोटो प्रकाशित की गई। वर्ष 1997 में हरिद्वार में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में दिग्विजय सिंह शामिल हुए थे। इस सम्मेलन के दौरान दिग्विजय सिंह तत्कालीन संघ प्रमुख रज्जू भैया और वीएचपी नेता अशोक सिंघल के साथ बैठे हुए थे। फोटो जारी होने के बाद टीम अन्ना ने दिग्विजय सिंह पर हमला तेज कर दिया है।
टीम अन्ना के सदस्य संजय सिंह का कहना है कि संघ नेताओं के साथ फोटो जारी होने के बाद यह साफ हो गया है कि सिंह भाजपा और आरएसएस के समर्थक हैं। दिग्विजय सिंह ने तस्वीर पर अपनी सफाई दी है कि कांची पीठ के शकंराचार्य जयेन्द्र सरस्वती के कार्यक्रम के शामिल होने के लिए उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से अनुमति हासिल की थी।
First Published: Friday, January 6, 2012, 20:42