मोदी का दावा, सोनिया की यात्राओं पर खर्च हुए 1880 करोड़

मोदी का दावा, सोनिया की यात्राओं पर खर्च हुए 1880 करोड़

मोदी का दावा, सोनिया की यात्राओं पर खर्च हुए 1880 करोड़ जेसर (गुजरात) : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनकी विदेश यात्राओं पर सरकारी खजाने से 1880 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।

मोदी ने राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों के पूर्व अपनी एक महीने की यात्रा के दौरान एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, कांग्रेस के उन मित्रों से जो हमारी सरकार पर अनियंत्रित खर्च करने का आरोप लगा रहे हैं, मैं पूछना चाहता हूं, क्या यह सही नहीं है कि पिछले तीन साल में कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी के विदेश दौरों पर 1880 करोड़ रुपए सरकारी खजाने से खर्च किए गए।

उन्होंने कहा कि इसका साफ अर्थ है कि सोनिया गांधी की विदेश यात्राओं पर जो खर्च किया गया, वह भावनगर, जामनगर, जूनागढ और राजकोट नगर निगम के कुल सालाना बजट से ज्यादा है।

मोदी ने कहा कि 12 जुलाई को एक समाचार पत्र में प्रकाशित एक रिपोर्ट के आधार पर उन्होंने यह दावा किया है। मोदी के अनुसार वह रिपोर्ट सूचना का अधिकार कानून के तहत हरियाणा में हिसार के एक युवक के आवेदन पर सरकार से मिली जानकारी पर आधारित थी।

उन्होंने कहा कि अब तक सरकार या सोनिया गांधी ने उस रिपोर्ट का खंडन नहीं किया है।

सोनिया गांधी राज्य में कांग्रेस का अभियान बुधवार को शुरू करेंगी और वह राजकोट में किसानों की एक विशाल रैली को संबोधित करेंगी।

मोदी ने सवाल किया, मैं दिल्ली सल्तनत से पूछना चाहता हूं कि ऐसी क्या अनिवार्यता थी जिसके तहत ऐसे अनियंत्रित खर्च की अनुमति दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी को विशेष उड़ान जैसी वे सभी सुविधाएं मिल रही हैं जो सिर्फ राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को ही उपलब्ध होती हैं।

मोदी ने केंद्र पर बरसते हुए सवाल किया कि क्या यह राशि सरकारी खजाने से खर्च नहीं की गई। उस राशि से हम पूरे गुजरात राज्य के लिए बिजली पैदा कर सकते थे।

मोदी ने किसानों से कहा कि जब सोनिया गांधी राज्य के दौरे पर आएं तो वे उनसे स्पष्टीकरण मांगें कि गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र के लिए सूखा राहत पैकेज को क्यों मंजूरी नहीं दी गई। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 1, 2012, 21:17

comments powered by Disqus