‘मोदी की तुलना बंदर से करने पर माफी मांगे कांग्रेस’

‘मोदी की तुलना बंदर से करने पर माफी मांगे कांग्रेस’

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस के गुजरात प्रमुख अर्जुन मोडवडिया ने मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना बंदर से की, इसलिए पार्टी माफी मांगे। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने यहां संवाददाताओं से कहा कि यह समूचे गुजरात राज्य का अपमान है और गुजरात के मतदाता ऐसी भद्दी भाषा का प्रयोग किए जाने का यथोचित जवाब मतदान के जरिए देगी। कांग्रेस को देश और गुजरात के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी से पूछते हैं कि क्या वह ऐसी भाषा का अनुमोदन करती हैं? जावडेकर ने कहा कि गुजरात विकास, सुशासन और भ्रष्टाचार रहित शासन का प्रतिरूप बन चुका है, जिससे कांग्रेस बौखलाई हुई है।

गौरतलब है कि गुजरात में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के सिलसिले में एक चुनावी रैली में गुरुवार को मोडवडिया ने मोदी की तुलना बंदर से और मनमोहन सिंह की तुलना शेर से की थी। उन्होंने हालांकि किसी का नाम नहीं लिया था, लेकिन आशय स्पष्ट था। उनकी इस टिप्पणी पर भाजपा की ओर से प्रतिक्रिया एक दिन बाद आई है। मोडवडिया ने एक बंदर का प्रसंग छेड़ा, जिसने जंगल के राजा को एक पेड़ की टहनी पर से द्वंद्वयुद्ध करने की चुनौती दी थी। इसी क्रम में उन्होंने कहा था कि जंगल का राजा पेड़ पर तो नहीं चढ़ेगा लेकिन बंदर को कुछ समय बाद जमीन पर उतरना ही होगा। भाजपा मोडवडिया के खिलाफ निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज करा चुकी है। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 9, 2012, 17:55

comments powered by Disqus