`मोदी को सांप्रदायिक कहने की कांग्रेस की औकात नहीं`-`Modi`s communal status of Congress to say no`

`मोदी को सांप्रदायिक कहने की कांग्रेस की औकात नहीं`

`मोदी को सांप्रदायिक कहने की कांग्रेस की औकात नहीं`सागर : कांग्रेस को देश में सबसे बडी साम्प्रदायिक पार्टी बताते हुए भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उमा भारती ने गुरुवार को यहां कहा कि कांग्रेस की औकात नहीं हैं कि वह भाजपा या गुजरात के मुख्यमंत्री एवं भाजपा की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र मोदी को साम्प्रदायिक कहे।

उमा भारती ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान वर्ष 1984 में सबसे बडा साम्प्रदायिक दंगा हुआ था, जो हिटलर द्वारा किये गये सामूहिक नरसंहार से भी बडा था। उनसे पूछा गया था कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव नरेन्द्र मादी के नेतृत्व में लडेगी और कांग्रेस द्वारा उन पर लगाये गये साम्प्रदायिकता के आरोपों का भाजपा क्या जवाब देगी।

उन्होने कहा कि कांग्रेस मुस्लिमों का पक्ष इसलिये लेती है कि अनेक क्षेत्र ऐसे हैं जहां अधिक संख्या के चलते मुस्लिम मत चुनाव प्रभावित करते हैं। उमा भारती ने इस बात पर राष्ट्रीय बहस छेडे जाने की आवश्यकता बताई कि वास्तव में मुस्लिम देश में अल्पसंख्यक हैं। उन्होने कहा कि देश में सिख बौद्ध इसाई या पारसी भी अल्पसंख्यक में आते हैं। उन्होने कहा कि दुनिया भर में पारसी समुदाय ही वास्तव में अल्पसंख्यक रह गया है।

सूचना के अधिकार के तहत राजनीतिक दलों को लाये जाने एवं भाजपा तथा कांग्रेस जैसे बडे दलों के इसका विरोध करने संबंधी सवाल के जवाब में उमा भारती ने कहा कि उनका व्यक्तिगत मत है कि सभी दलों को इसके दायरे में लाना चाहिये। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिये ऐसा करना जरुरी है।

पेड न्यूज को लोकतंत्र के लिये खतरा बताते हुए उमा भारती ने कहा कि वर्ष 2008 में जब उन्होने भारतीय जनशक्ति का गठन कर विधान सभा चुनाव लडा था तो उनकी सबसे बडी कमजोरी पार्टी के पास पैसा नहीं होना था, जिसके चलते प्रदेश स्तर पर उन्हें मीडिया ने कोई स्थान नहीं दिया था। उन्होने कहा कि अन्याय और शोषण के चलते बुदेलखंड में नक्सली अपने पैर जमा सकते हैं। उन्होने कहा कि बुंदेलखंड में भरपूर खनिज और वन संपदा के बावजूद भारी गरीबी है तथा दंबगों के अत्याचार बढे हैं और यह हालात बदले नहीं हैं।

उन्होने कहा कि गरीब लोगों को अन्याय और शोषण से मुक्ति की प्रक्रिया में चूक होने पर नक्सलियों के यहां आने में देर नहीं लगेगी। एक प्रश्न के उत्तर में उमा भारती ने कहा कि वे लोकसभा का चुनाव अवश्य लडेंगी लेकिन किस स्थान और किस प्रदेश से लडना है, यह पार्टी आध्यक्ष राजनाथ सिंह तय करेंगे।

मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में होने वाले विधान सभा चुनाव में उनकी सक्रियता के बारे में पूछे जाने पर उन्होने कहा कि यह भी राजनाथ सिंह ही तय करेंगे कि वे कहां कहां चुनाव प्रचार के लिये जायेंगी। (एजेंसी)

.

First Published: Thursday, June 13, 2013, 14:05

comments powered by Disqus