Last Updated: Monday, January 28, 2013, 21:02

नई दिल्ली: गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को भाजपा का प्रधानमंत्री पद का दावेदार घोषित किये जाने के लिए हो रहे प्रयासों से नाराजगी जताते हुए जदयू ने आज सीधे तौर पर भाजपा से कहा कि गठबंधन बहुत मुश्किल से बनते हैं।
भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के संयोजक और जदयू अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि गठबंधन बहुत मुश्किल से बनते हैं और भाजपा नेता यशवंत सिन्हा का बयान गठबंधन के संदर्भ में अनावश्यक है। इससे पूर्व सिन्हा ने मोदी को भाजपा का प्रधानमंत्री पद का दावेदार बनाने की खुलकर वकालत करते हुए कहा कि इससे पार्टी को बड़े स्तर पर फायदा होगा।
सिन्हा की मांग के संबंध में जदयू की प्रतिक्रिया पूछे जाने पर यादव ने कहा कि आपको यह बात भाजपा के अध्यक्ष या प्रवक्ता से पूछनी चाहिए। भाजपा की ओर से इस संबंध में कोई घोषणा नहीं हुई है इसलिए इस बारे में बात करने का कोई मतलब नहीं है।
यादव ने कहा कि हम पहले भी गठबंधन चलाते थे। अब मेरे उपर राजग में जिम्मेदारी है और मैं एक बार फिर कहना चाहता हूं कि गठबंधन बहुत कठिनाई से बनते हैं। इससे पहले जदयू प्रवक्ता शिवानंद तिवारी ने यशवंत सिन्हा की मांग को खारिज करते हुए कहा था कि यह उनकी निजी राय है और उनकी पार्टी भाजपा के आधिकारिक रुख का इंतजार करेगी। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 28, 2013, 21:02