Last Updated: Tuesday, December 20, 2011, 05:41
मुंबई : सुखोई विमान और युद्धक टैंक के बाद राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने मंगलवार को देश के भारी भरकम नौसैनिक बेड़े की समीक्षा के लिए पहली बार एक युद्धपोत की सवारी की। प्रतिष्ठित समुद्री कमांडो से लैस नौसैनिक युद्धपोत आईएनएस सुभद्रा पर सवार 77 साल की राष्ट्रपति ने ‘10वें राष्ट्रपति नौसैनिक बेड़े की समीक्षा’ के तहत 81 जहाजों और 44 विमानों के बेड़े की समीक्षा की।
उन्होंने कहा, जल्द ही शामिल होने वाले विक्रमादित्य जैसे विमानवाहक पोत, रडार की जद में नहीं आने वाले कोलकाता श्रेणी के विध्वंसक विमानों और तलवार श्रेणी की पनडुब्बियां, स्वदेश निर्मित एएसडब्ल्यू वाहकों के साथ ही शक्तिशाली पनडुब्बियों और युद्धपोतों वाली नौसेना का नयी उपलब्धियां हासिल करना तय है।
राष्ट्रपति ने युद्धपोत पर सवार नौसैनिक अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए कहा, आज भारतीय नौसेना क्षेत्र की सबसे सक्षम सेनाओं में है और इसकी आधुनिकीकरण योजनाओं के बाद इसका और बढना तय है। सुखोई युद्धक विमान और सेना के युद्धक टैंक के बाद युद्धपोत पर सवार होने वाली वह पहली महिला राष्ट्रपति हैं। नौसैनिक टोपी पहनकर पाटिल युद्धपोत पर विशेष तौर पर तैयार किए गए मंच पर नौसेना के प्रतीक को प्रदर्शित कर रही छतरी के नीचे बैठीं।
राष्ट्रपति के साथ रक्षा मंत्री एके एंटनी, तीनों सेना के प्रमुखों सहित चार कबीना मंत्री भी थे। 150 जवानों के सलामी गार्ड का निरीक्षण करने और 21 तोपों की सलामी के साथ सशस्त्र सेना की सर्वोच्च कमांडर पाटिल ने सुबह 9 बजे इस अत्याधुनिक सुरक्षा बल की समीक्षा की शुरूआत की। सलामी के जवाब में पाटिल ने खड़े होकर सभी जहाजों को सलामी दी।
सतीश ने कहा, नौसेना के करीब 50 से 60 फीसदी जहाज और सभी बड़े युद्धक पोतों के करीब 60 से 70 फीसदी जहाजों ने बेड़ा समीक्षा में हिस्सा लिया। युद्धक पोत अंडमान-निकोबार स्थित ट्राई सर्विस कमांड सहित सभी नौसेना कमानों से पहुंचे थे। अंडमान निकोबार कमांड का प्रतिनिधित्व इसके कमांडर इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल नरेश मारवाह और उनके फ्लैग शिप आईएनएस केसरी ने किया।
स्वदेश निर्मित विमान वाहक पोत के निर्माण के सवाल पर प्रवक्ता ने कहा, आईएसी को कुछ महीने में शुरू किए जाने का कार्यक्रम है, संभवत: अगले वर्ष। इसे कार्यक्रम के मुताबिक अगले कुछ वर्षों में शामिल किया जा सकता है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 20, 2011, 17:11